RJD नेता तेजस्वी यादव के पास क्या फर्जी वोटर आईडी है? जांच में जुटा चुनाव आयोग, जानिए पूरा मामला
Tejashwi Yadav Voter ID: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के दावे को लेकर अब खुद ही फंसते नजर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में उनकी मुश्किल बढ़ सकती है। चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव का नाम वोटर लिस्ट में नाम ना होने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है लेकिन अब इस दावे में पेश किए गए साक्ष्य की गहन जांच चुनाव आयोग ने शुरू कर दी है।
ध्यान रहे तेजस्वी यादव के दावे पर चुनाव आयोग ने बताया कि 1 अगस्त को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में भी तेजस्वी यादव का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज है, और 2015 की मतदाता सूची में भी उनका नाम दर्ज है। लेकिन तेजस्वी यादव के नाम पर जारी एक वोटर आईडी संदेश के घेरे में है। जानिए आखिर क्या है पूरा मामला

दरअसल, तेजस्वी यादव ने जिस वोटर आईडी नंबर (एपिक संख्या RAB2916120) को लेकर दावा किया है, जांच में खुलासा हुआ है कि वो वोटर संख्या अस्तित्व में ही नहीं है। चुनाव आयोग ने साफ किया कि यह एपिक नंबर ना तो किसी आधिकारिक दस्तावेज में दर्ज है और न ही अब तक इसका कोई वैध रिकॉर्ड मिल पाया है। आयोग ने 10 साल से पुराने रिकॉर्ड खंगालने के बाद यह संदेह जताया है कि संभवतः दूसरा एपिक नंबर फर्जी तरीके से बनाया गया हो? चुनाव आयोग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेजस्वी यादव के बताए वोटर आईडी नंबर मामले की जांच में जुटा चुनाव आयोग
तेजस्वी यादव ने जो वोटर आईडी नंबर शेयर किया है चुनाव आयोग द्वारा इसकी प्रामाणिकता की गहराई से जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या यह किसी प्रकार का जाली दस्तावेज था। गौरतलब है कि तेजस्वी यादव ने 2020 विधानसभा चुनाव में अपने हलफनामे में जिस पोलिंग बूथ संख्या 160 और क्रम संख्या 511 का उल्लेख किया था, वह उस समय की वोटर लिस्ट में भी दर्ज थी। 2020 की वोटर लिस्ट में भी उनका एपिक कार्ड नंबर RAB0456228 ही था। इसी एपिक नंबर के आधार पर उन्होंने 2020 में चुनाव लड़ा और मतदान भी किया था।
बढ़ सकती है तेजस्वी यादव की मुश्किल!
यह सवाल उठता है कि तेजस्वी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिस एपिक नंबर RAB2916120 का जिक्र किया था, उसका क्या रहस्य है। अगर ये फर्जी निकलता है तो बिहार चुनाव से पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की मुसीबत बढ़ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications