बिहार: अमीन और कानूनगो की बहाली में हुई थी धांधली, इस तरह हुआ फ़र्ज़ीवाड़े का ख़ुलासा
सूत्रों की मानें तो अमीन की बहाली के लिए सिविल इंजीनियरिंग (डिप्लोमा) के प्रमाणपत्र जमा किए गए थे। ग़ौरतलब है कि ऐसे संस्थानों के दस्तावेज़ जमा किए गए जहां संबंधित विषय की पढ़ाई भी नहीं होती है।
पटना, 22 जुलाई 2022। बिहार में आए दिन भ्रष्टाचार की पोल खुलने की खबरें सामने आते रहती हैं। ताजा मामला राज्य में विशेष भूमि सर्वेक्षण के लिए हुई अमीन की बहाली में धांधली का है। बताया जा रहा है कि राजस्व और भूमि सुधार विभाग में बहाली के नाम बड़ा फ़र्ज़ीवाड़ा हुआ है। दरअसल राजस्व और भूमि सुधार विभाग ने बड़े पैमाने पर संविदा के आधार अमीन और कानूनगो की बहाली की थी, ताकि सर्वे कार्य में तेजी लाया जा सके। सूत्रों की मानें तो फ़र्ज़ी दस्तावेजों के आधार अमीनों की बहाली हुई है।

कई लोगों के ख़िलाफ़ प्राथमिकी दर्ज
फ़र्ज़ी दस्तावेज़ का खुलासा होने के बाद आनन-फानन में अमीन और दूसरे बहाली में दिए गए दस्तावेज़ों के जांच का आदेश दिया गया है। सर्टिफिकेट की जांच जांच के बाद फ़र्ज़ीवाड़ा सामने आने पर बहाल किए गए लोगों को बर्खास्त किया गया। इसके साथ ही कार्रवाई की डर से पहले ही कई पदधारकों ने इस्तीफ़ा दे दिया है। इस मामले में कई आरोपियों पर फ़र्ज़ी दस्तावेज के आधार पर बहाली की शिकायत करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

करीब 200 लोगों ने फ़र्ज़ी दस्तावेज़ के आधार पर ली नौकरी
सूत्रों की मानें तो अमीन की बहाली के लिए सिविल इंजीनियरिंग (डिप्लोमा) के प्रमाणपत्र जमा किए गए थे। ग़ौरतलब है कि ऐसे संस्थानों के दस्तावेज़ जमा किए गए जहां संबंधित विषय की पढ़ाई भी नहीं होती है। मिली जानकारी के मुताबिक बुंदेलखंड और मेघालय विश्वविद्यालय से सबसे ज्यादा फ़र्ज़ी दस्तावेज़ बने हैं। जांच में क़रीब दौ सौ दस्तावेज़ फ़र्ज़ी मिले जिसके प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

दोषियों पर होगी सख़्त कार्रवाई- अधिकारी
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अमीन की बहाली में फ़र्ज़ीवाड़ा पाये जाने के बाद कई अमनी और कानूनगो को बाहर का रास्ता भी दिखाया गया है, जिसकी वजह से सर्वे के कामों में खलल भी पड़ रहा है। फ़र्ज़ी दस्तावेज़ के आधार पर नौकरी लेने के बाद जिन लोगों ने भी वेतन उठाया है, उनसे विभाग अब वसूली की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही दोषियों पर आईपीसी धारा के तहत सख़्त से सख़्त कार्रवाई भी की जाएगी।
ये भी पढ़ें: बिहार: 32 वर्षों का इंतज़ार हुआ ख़त्म, बरौनी रिफाइनरी में बने ईंधन से उड़ानें भरेंगी फ्लाइट्स












Click it and Unblock the Notifications