विपक्ष पर भड़के नीतीश कुमार, कहा- शराबबंदी के बाद से सब मेरे खिलाफ हैं, पियोगे तो मरोगे
पटना। शराब के चलते हुई मौतों को लेकर विपक्ष लगातार नीतीश सरकार पर हमला बोल रहा है, जिसपर सीएम नीतीश कुमार ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी करने के बाद से कुछ लोग मेरे ख़िलाफ़ हो गए हैं लेकिन हमने हमेशा लोगों की और महिलाओं की बात सुनी। लोग यह भूल गए हैं कि यह सर्वसम्मति से लागू हुआ है, इसमें किसी पार्टी का विरोध था क्या? सत्ता और विपक्ष दोनों की सहमति से लागू हुआ है।
Recommended Video

इसके अलावा सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि राजनीतिक दलों को शराब पियोगे तो मरोगे वाली बात प्रचारित करना चाहिए। शराब कितनी गंदी चीज है, ये लोगों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि शराबबंदी पर फिर से व्यापक जागरूकता चलाने की जरूरत है।
बता दें कि मंगलवार को सीएम नीतीश ने एक बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में शराबबंदी कानून की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही जहरीली शराब पीने से जो भी मौतें हुई हैं, उन घटनाओं पर भी चर्चा की जाएगी। इस बैठक में बिहार सरकार के सभी मंत्री शामिल होंगे। साथ ही जिलों के डीएम और एसपी भी हिस्सा लेंगे।
बता दें कि साल 2015 के विधानसभा चुनाव से पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने शराबबंदी करने का वादा किया। चुनाव जीतने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने साल 2016 में शराबबंदी को लेकर कानून बनाया। इसके तहत बिहार में शराब बेचना और पीना दोनों ही प्रतिबंधित कर दिया गया। साथ ही ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर कड़ी सजा का प्रावधान बनाया गया। हालांकि इसके बाद भी बिहार में जहरीली शराब से लोगों की मौतें हो रही हैं।
गोपालगंज जिले में हाल ही में करीब 40 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा बेतिया जिले में भी 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। इसके बाद विपक्ष के साथ-साथ सहयोगी दल ने भी शराबबंदी को लेकर पुनर्विचार करने को कहा। वहीं लोजपा सांसद चिराग पासवान ने भी नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि सीएम नीतीश कुमार शराब बनाने वाले और तस्करों को संरक्षण देते हैं, इसलिए सीएम हाउस सील होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications