Bihar: चिराग पासवान की पार्टी के नेता की दिनदहाड़े हत्या, अनवर खान को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली
Bihar News: बिहार में बदमाशों के हौसले बुलंद है। अब गया में बदमाशों ने चिराग पासवान की पार्टी के नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। गया में बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के नेता अनवर खान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी है।
वारदात आमस थाना इलाके में बुधवार सुबह की है, जब एलजेपी के श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अनवर खान सैलून में थे। इस दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सैलून में गोलियों से किया छलनी
जानकारी के मुताबिक अनवर खान सैलून में सेविंग करा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली चलाना शुरू कर दिया, जिसके बाद अनवर खान ने मौके पर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए।
हत्या से इलाके में दहशत, दुकानें बंद
घटना से इलाके में दहशत फैल गई, लोग भागने की कोशिश करने लगे और अन्य लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। जीटी रोड पर जाम के हालात पैदा हो गए, हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति कंट्रोल में है।
बता दें कि अनवर खान गुरुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी हत्या की सूचना से पूरे इलाके में आक्रोश है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस हत्यारों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा है।
हाईवे किया जाम, गिरफ्तारी की मांग
इधर, घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे- 82 को जाम कर दिया। गुस्साए परिजन हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हैं। फिलहाल पुलिस भीड़ के साथ समझाइश में जुटी है। बता दें कि अनवर अली खान इलाके का जाना पहचाना नाम था।












Click it and Unblock the Notifications