बिहारः सांसद के खाते से तीन महीने पहले उड़ गए थे 89 लाख रुपये, अब हुई जानकारी तो मचा हड़कंप
छपरा। बिहार के छपरा जिले के महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के सांसद निधि फंड से 89 लाख रुपये की फर्जी निकासी का मामला सामने आया है। मामले का खुलासा होने के बाद हड़कंप मच गया। भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के सांसद क्षेत्र विकास कोष से 89 लाख के फर्जीवाड़े के मामले में केंद्रीय गृह सचिव ने बिहार के मुख्य सचिव से तीन दिनों के अंदर रिपोर्ट तलब की है। आलाअधिकारी फर्जीवाड़े में शामिल बैंककर्मियों और अधिकारियों की मिलीभगत की जांच कर रहे हैं।

जांच की नए अपडेट के बारे में सांसद को भी अवगत कराया जा रहा है। सांसद ने सवाल उठाया है कि आखिर किन परिस्थितियों में महाराष्ट्र में राशि स्थानांतरित की गई। सांसद की शिकायत के बाद गृह मंत्री अमित शाह के हस्तक्षेत्र से महाराष्ट्र ने आरोपी बैंक खातेदार को अहमदनगर से गुरुवार की देर शाम में ही धर दबोचा। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है। मुख्य सचिव ने सारण डीएम से मामले की गहराई से जांच करके रिपोर्ट भेजने को निर्देश दिया है।
शहर के हथुआ बाजार के पास बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य शाखा में सांसद क्षेत्रीय विकास कोष का खाता है। इस बैंक के खाते से एक बार 42 लाख और 47 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा किया गया है। माना जा रहा है कि चेक क्लोन करके महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में RTGS किया गया है। सारे पैसे खातेदार मांगीलाल कोठारी के खाते में ट्रांसफर किये गए हैं। बता दें कि रुपये का ट्रांसफर तीन महीने पहले 4 नवंबर को ही हुआ था।
हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस बात की जानकारी बैंक ने सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को भी नहीं दी। बीते तीन फरवरी को जब एक योजना के भुगतान को लेकर बैंक ने एक ठेकेदार को बताया कि खाता ही होल्ड पर है, भुगतान नहीं हो पाएगा। तब उसने सांसद को इस बात की जानकारी दी। इसके बाद सांसद ने जिला योजना पदाधिकारी से जानकारी ली। तब बताया गया कि यह मामला 4 नवंबर का है। फिलाहल सासंद लोकसभा के सत्र में भाग लेने के सिलसिले में दिल्ली में है।
इस बारे में बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने बयान में कहा है कि बिहार की छपरा शाखा में चेक क्लोन घटना की घटना सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बैंक समय पर समाधान के लिए जांच अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहा है। हमेशा की तरह, हमारे ग्राहकों के हितों की रक्षा करना हमारे लिए सर्वोपरि है। हम अपने ग्राहकों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि उनका पैसा सुरक्षित है। एक जिम्मेदार संस्थान के रूप में, बैंक ऑफ बड़ौदा सभी शाखाओं में सुरक्षा से संबंधित मामलों को सबसे अधिक महत्व देता है। चेक क्लोनिंग बैंकिंग उद्योग के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आई है। बैंक में लेन-देन सहज तरीके से चेक के माध्यम से सभी क्षेत्रों में होता है और कुछ बेईमान संस्थाएं/ व्यक्ति इसका गलत फायदा उठा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications