लोकसभा में आमने-सामने आए JDU-BJP के सांसद, इस मुद्दे पर छिड़ा घमासान
नई दिल्ली। बिहार में गठबंधन की सरकार चलाने वाली भारतीय जनता पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) के बीच मतभेद बढ़ते जा रहे हैं। एक तरफ जहां राज्य में दोनों दलों के नेताओं के बीच कई मुद्दों पर गतिरोध जारी है। वहीं केंद्र में भी कुछ मुद्दों पर दोनों दलों के बीच तालमेल बिगड़ता हुआ नजर आ रहा है। मंगलवार को दोनों दलों के लोकसभा सदस्यों ने ग्रामीण सड़क परियोजनाओं और अन्य विकास परियोजनाओं में प्रगति की कमी के लिए एक-दूसरे पर कटाक्ष किया।

मंगलवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा सांसद राम कृपाल यादव ने बिहार सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत काम पूरा नहीं कर पाई है, जबकि अन्य राज्य आगे बढ़ गए हैं। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने उन आंकड़ों का हवाला दिया, जिनसे पता चलता है कि राज्य वास्तव में पीएमजीएसवाई योजना के तहत लक्ष्य को पूरा करने में विफल रहा है।
इसे हल्के में न लेते हुए जद (यू) सांसद कौशलेंद्र कुमार ने मंत्री गिरिराज सिंह से सवाल किया कि क्या कार्यों को पूरा करने के लिए निर्णायक कदम उठाने के लिए राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ कोई बैठक की है। "भारत में गांवों का चेहरा बदलने" के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की सराहना करते हुए, भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि मैं बिहार में सरकार से बहुत निराश हूं। बिहार में फेज 1 और फेज-2 में स्वीकृत सड़कों में से कई किलोमीटर सड़क अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। पहले चरण और दूसरे चरण का काम बाकी है और तीसरे चरण का काम भी शुरू नहीं हुआ है।
इस दावे को पुष्ट करने वाले आंकड़े पेश करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि पीएमजीएसवाई के पहले चरण में 1,287 किलोमीटर सड़क का निर्माण होना बाकी है, दूसरे और तीसरे चरण में क्रमशः 411 किमी और 6,162 किमी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय निधि से शेष के रूप में राज्य सरकार के पास अभी भी लगभग 949 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं।
जबकि कुछ विपक्षी सांसदों ने जद (यू) के सांसद व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन ललन सिंह को बोलने के लिए उकसाया। हालांकि इस पूरी बहस में जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने जदयू की तरफ से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एनडीए बिहार के साथ-साथ केंद्र में भी सरकार चला रही है। आप बिहार से हैं और मैं भी बिहार से। क्या आपने कभी इस मुद्दे को सुलझाने के लिए राज्य सरकार या उसके अधिकारियों के साथ बैठक करने की कोशिश की है।
वहीं जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि "मैंने बिहार के अधिकारियों और सांसदों के साथ कई बैठकें की हैं। मैं अपना काम कर रहा हूं। यहां नेता हैं और आप आ सकते हैं और मेरे साथ बैठक कर सकते हैं। एक मंत्री के रूप में, मैं सभी के संपर्क में रहा हूं।












Click it and Unblock the Notifications