टिकट न मिलने पर नाराज विधायक ने त्याग दिया अन्न, कहा- आजीवन रहूंगा फलाहार
छपरा। बिहार विधानसभा चुनाव के टिकट बंटवारे के बाद चकित कर देने वाली खबरें सामने आ रही हैं। कहीं टिकट न मिलने पर नेता जनता के बीच फूट-फूट कर रो रहे हैं तो कहीं अन्न का त्याग किया जा रहा है। दरअसल, छपरा जिला के अमनौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक शत्रुघ्न तिवारी उर्फ चोकर बाबा का टिकट कट गया। इसके बाद भाजपा विधायक ने ऐलान कर दिया कि अब वह पूरा जीवन अन्न का त्याग करेंगे और सिर्फ फलाहार रहेंगे।

सांसद राजीव प्रताप रूडी के गृह क्षेत्र अमनौर में टिकट कटने के बाद चोकर बाबा ने सांसद को आड़े हाथों ले लिया और मीडिया के सामने जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान भाजपा नेता मंगल पांडे और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी को भी निशाने पर ले लिया। उनके ऊपर चोकर बाबा ने टिकट काटने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि उनकी लोकप्रियता से परेशान होकर इन नेताओं ने मिलकर उनका टिकट कटवा दिया, जिसके कारण उन्होंने आजीवन फलाहार पर रहने का निर्णय लिया है। विधायक शत्रुघ्न उर्फ चोकर बाबा का कहना है कि भाजपा ने उसे ही टिकट दिया, जिसे उन्होंने हराया था। चोकर बाबा ने कहा कि वह सिटिंग विधायक हैं और चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए थे।
क्षेत्र की जनता के बीच में लगातार बाढ़ में भी काम कर रहे थे। उन्होंने रसोई चलवाई, जहां हजारों लोगों को भोजन मिला। इसके कारण क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता बढ़ गई और यही बात सांसद को खटकने लगी, जिसके चलते उनका टिकट कटवा दिया गाय। टिकट न मिलने से नाराज कोर बाबा ने कहा कि वह सन्यासी की जिंदगी जीते हैं और अपना विरोध वह सन्यासी की तरह ही प्रकट करेंगे।
साथ ही उन्होंने घोषणा कर दी कि वह आजीवन अन्न का सेवन नहीं करेंगे। सिर्फ फल पर रहेंगे। इसके अलावा चोकर बाबा ने पार्टी पर आंतरिक लोकतंत्र के खत्म होने का भी आरोप लगाया।












Click it and Unblock the Notifications