BJP नेता गजेंद्र झा ने कहा- जो मांझी की जीभ काटकर लाएगा उसे 11 लाख रुपये का इनाम
पटना। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश में सत्तारुढ़ दल में शामिल हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने भले ही ब्राह्मणों के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर मांफी मांग ली है लेकिन अब यह मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ जहां बिहार के थानों में मांझी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। वहीं अब भाजपा नेता गजेंद्र झा ने जीतन राम मांझी को लेकर विवादित बयान दिया है। गजेंद्र झा ने कहा कि जो भी मांझी की जुबान कटेगा वे उसे 11 लाख रुपये का इनाम देंगे।

भाजपा नेता गजेंद्र झा ने मांझी पर सनातन धर्म के खिलाफ जानबूझकर बार-बार टिप्पणी करने का आरोप लगाया। गजेंद्र झा ने कहा कि अगर मांझी हिंदू सनातन धर्म को नहीं मानते हैं तो उन्हें धर्म परिवर्तन कर लेना चाहिए। जो भी ब्राह्मण का बेटा समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले मांझी की जुबान काटेगा उसे 11 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
वहीं हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने गजेंद्र झा को चुनौती देते हुए कहा कि किसी में भी मांझी पर हमला करने की हिम्मत नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व को अपने नेताओं को समझाना चाहिए, नहीं तो परिणाम खराब होंगे। जब मांझी पहले ही बयान के प्रति अपना खेद व्यक्त कर चुके हैं तो इस मुद्दे को उठाना ठीक नहीं है। बता दें कि जीतन राम मांझी की पार्टी बिहार की सत्तारुढ़ एनडीए गठबंधन का एक घटक दल है, जिसमें भाजपा भी शामिल है।
दरअसल शनिवार को पटना में भुइयां मुसहर सम्मेलन का आयोजन किया गया था, इस कार्यक्रम में जीतन राम मांझी मुख्य अतिथि थे, कार्यक्रम में मांझी ने अपने भाषण के दौरान अपशब्द का प्रयोग किया। उन्होंने धर्म के नाम पर राजनीति का मुद्दा उठाया और इसी दौरान पंडितों के लिए अपशब्द का इस्तेमाल किया।
कार्यक्रम में अपने भाषण के दौरान मांझी ने कहा, 'आजकल गरीब तबके के लोगों में धर्म की परायणता ज्यादा आ रही है। सत्यनारायण भगवान की पूजा का नाम हम लोग नहीं जानते थे। **** अब हर टोला में हम लोगों के यहां सत्यनारायण भगवान पूजा होती है। इतना भी शर्म लाज नहीं लगता है कि पंडित **** आते हैं और कहते हैं कि कुछ नहीं खाएंगे आपके यहां...बस कुछ नगद दे दीजिए।'












Click it and Unblock the Notifications