Bihar में भाजपा ने मीडिया के लिए बनाई ‘जंबो कमेटी’, पार्टी के लिए आसान नहीं होगा संचालन!
Bihar BJP News: बिहार भाजपा इकाई ने आगामी चुनाव के मद्देनज़र मास्टर प्लान तैयार किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पार्टी मोर्चा अध्यक्ष और प्रभारी ने नियुक्त किया है। इसके साथ ही मीडिया मैनेजमेंट के लिए प्रवक्ता और पैनलिस्ट भी नियुक्त किए गए हैं।
मीडिया के लिए भाजपा की बिहार इकाइ ने जंबो कमेटी बनाई है, जिसमें 7 प्रवक्ताओं से बढ़ाकर 15 प्रवक्ताओं को शामिल किया गया है। पहले 7 प्रवक्ता थे, बाद में बढ़ाकर 11 किया गया और अब 15 प्रवक्ता नियुक्त किए गए हैं। भाजपा के जंबो कमेटी के गठन से यह साफ हो गया है कि पार्टी के नेता पूरी तरह से 'मिशन 2024' पर काम करने में जुट चुके हैं।

2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी में पार्टी के नेता जुटे रहेंगे, वहीं 'जंबो कमेटी' के सदस्य पार्टी की योजनाओं को जनता और मीडिया के बीच प्रभावी तरीक़े से रखने का काम करेंगे। भाजपा ने चुनाव के मद्देनज़र मास्टर प्लान तो ज़रूर बनाया है लेकिन इसका पार्टी को नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।
वरिष्ठ पत्रकार अहमद रज़ा ने कहा कि 'जंबो कमेटी' गठन कर भाजपा चुनावी तैयारियों में तो ज़रूर लगी है, लेकिन कभी-कभी ऐसे हालात हो जाते हैं कि पार्टी के आलाकमान ही संवेदनशील मुद्दे पर बात रखते हैं। ऐसे में यह भी हो सकता है मीडिया मैनेजमेंट के लिए नियुक्त किए गए प्रवक्ता और पैनलिस्ट ने कुछ बयान दिया और वह पार्टी के ख़िलाफ़ चली जाए।
मीडिया में अक्सर देखा गया है कि दिग्गज नेता कुछ बयान देते हैं और बाद में वही बयान उन पर भारी पड़ जाता है। हाल ही भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने 1977 में आज़ादी वाला बयान दिया था, इस पर वह ख़ुद घिर गए थे। इसके बाद उन्हें स्पष्ट करना पड़ गया था कि उनके कहने का क्या मतलब था। एक और मामला है, बिहार के सहकारिता मंत्री ने महिला नेत्री पर टिप्पणी की जो उन्हें भारी पड़ गया।
ऐसे में अगर कोई बयान भाजपा द्वारा नियुक्त किए गए प्रवक्ता और पैनलिस्ट द्वारा मीडिया में दिया जाता है, बाद में उस बयान पर कुछ भी मुद्दा बनता है तो वह पार्टी की छवि पर ही आएगा। इसलिए भाजपा को चाहिए कि कम लोग रखें और उन्हें साफ हिदायत रहे कि पार्टी आलाकमान की जानकारी में देने के बाद ही किसी मुद्दे पर बयान दें, ताकि बाद में पार्टी उस पर स्टैंड लेने के काबिल हो।












Click it and Unblock the Notifications