Bihar Today News in Hindi: आज अमित शाह का बिहार दौरा, डेहरी और बेगूसराय में करेंगे बैठक
Bihar Hindi News Today (18 September 2025): बिहार की राजनीति (Bihar Politics) से लेकर गवर्नमेंट (Government) के बड़े फैसलों तक, विकास योजनाओं (Vikas Yojana) से लेकर जनता से जुड़े कार्यक्रमों तक- आज बिहार (Bihar Latest News) में क्या कुछ नया हो रहा है, उसका हर बड़ा अपडेट (Bihar Update) आपको यहां मिलेगा।
बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का हिस्सा है, जहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे।
शाह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पीएम मोदी ने हाल ही में राज्य को 36,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी है। शाह के इस दौरे को चुनावी महासंग्राम से पहले बीजेपी का बड़ा दांव माना जा रहा है।

चुनावी रणनीति का 'शाह' प्लान: दो बड़ी बैठकें, हजारों कार्यकर्ता
पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, अमित शाह 18 सितंबर को दो अहम बैठकों को संबोधित करेंगे। पहली बैठक रोहतास जिले के डेहरी-ऑन-सोन में होगी, और दूसरी बेगूसराय जोन में। इन बैठकों में करीब 2,000 से 2,500 कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे, जिनमें जिला अध्यक्ष, विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हैं। बीजेपी ने बिहार को पांच अलग-अलग जोन में बांटा है और शाह का यह दौरा कई क्षेत्रों को एक साथ कवर करने के लिए किया जा रहा है।
घर-घर पहुंचेगी बीजेपी, क्या साधु-संतों से भी मिलेंगे शाह?
शाह के दौरे के साथ ही बीजेपी अपनी एक नई रणनीति को भी लॉन्च करेगी। पार्टी 18 से 25 सितंबर तक 'घर-घर संपर्क अभियान' चलाएगी। इस अभियान के तहत बूथ स्तर के कार्यकर्ता और नेता लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे। इसके अलावा, बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद ने भी शाह को पटना के बापू सभागार में साधु-संतों और पुजारियों के साथ बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है, हालांकि उनकी भागीदारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
225 सीटों पर नजर और सीट बंटवारे पर मंथन
शाह के दौरे का मकसद सिर्फ कार्यकर्ताओं को संबोधित करना नहीं है, बल्कि आगामी चुनावों की रणनीति को भी मजबूत करना है। 27 सितंबर को शाह एक बार फिर बिहार बीजेपी नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जिसमें सीट-बंटवारे, उम्मीदवारों के चयन और व्यापक चुनावी रणनीति पर गहन चर्चा होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी और उसके सहयोगी दल इस बार 225 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications