Bihar Today: प्रशांत किशोर की 'बिहार बदलाव यात्रा' आज सिवान में, बारिश को लेकर 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Bihar Today News: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चर्चित रणनीतिकार प्रशांत किशोर इन दिनों 'बिहार बदलाव यात्रा' पर है। प्रशांत किशोर की 'बिहार बदलाव यात्रा' आज शुक्रवार (23 मई) को सिवान पहुंचेगी। प्रशांत किशोर आज यात्रा की शुरुआत सुबह 09:30 बजे महेन्द्रनाथ मंदिर, (रामगढ़ सिसवन, दरौंधा) दर्शन से करेंगे। पीके दरौंधा और महाराजगंज में जनसभा भी करेंगे।
प्रशांत किशोर 'बिहार बदलाव यात्रा' के दौरान सीधे तौर पर जनता से संवाद कर रहे हैं। उनकी कोशिश बिहार में नई राजनीतिक चेतना लाने की है। चुनावी मोड में आए प्रशांत किशोर ने इस यात्रा की शुरुआत लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जन्मभूमि सारण जिले के सिताब दियारा गांव स्थित जेपी स्मारक से 20 मई को शुरू की थी। इस यात्रा के दौरान 120 दिनों में पीके बिहार के सभी 243 विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचेंगे। उनका टारगेट हर दिन दो से तीन विधानसभा सीटे कवर करने का है।

प्रशांत किशोर बोले- पहले कांग्रेस, फिर लालू और अब नीतीश, सुधार किसी ने नहीं किया
प्रशांत किशोर गुरुवार (22 मई) को बिहार के सारण में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भारत की राजनीतिक पार्टियों पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि आम जनता ने 40 से 50 साल तक कांग्रेस को जिताया, फिर उन्होंने लालू प्रसाद यादव को "राजा" बनाया और पिछले 20 सालों से नीतीश कुमार कुर्सी पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी को जिताया, लेकिन उनके और उनके बच्चों के जीवन में कोई सुधार नहीं हुआ है।
प्रशांत किशोर ने कहा,
"मैं पिछले 3 सालों से बिहार भर में घूम रहा हूं, जिसमें 2 साल पैदल भी रहे हैं। मैं 5000 गांवों में पैदल पहुंचा हूं। मैं किसी से वोट नहीं मांगता। क्यों? हर 1-2 साल में कोई आपके पास आकर वोट मांगता है। जो भी आपके पास आता है, वोट मांगता है। वे आपसे कहते हैं कि अगर आप उन्हें वोट देंगे तो वे आपके सारे काम करेंगे। यह सुनकर आप पूरी जिंदगी उन्हें वोट देते रहे हैं। हमने 40-50 साल तक कांग्रेस को जिताया, फिर हमने लालू प्रसाद यादव को राजा बनाया और पिछले 20 सालों से नीतीश कुमार उस कुर्सी पर बैठे हैं। हमने केंद्र में पीएम मोदी को जिताया। लेकिन आपका और आपके बच्चों का जीवन बेहतर नहीं हुआ।"
'बिहार बदलाव यात्रा' 120 दिन तक चलेगी
प्रशांत किशोर की 'बिहार बदलाव यात्रा' 120 दिन तक चलेगी। हालांकि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि यह यात्रा कब और किस जगह पर खत्म होगी। इससे पहले भी प्रशांत किशोर ने बिहार में 'जन सुराज पदयात्रा' की थी। यह यात्रा 2 अक्टूबर 2022 को महात्मा गांधी की जयंती पर शुरू हुई थी। करीब दो साल तक बिहार के कई इलाकों में घूमकर लोगों से मुलाकात करने के बाद, पीके ने 2 अक्टूबर 2024 को 'जन सुराज पार्टी' बनाने की घोषणा की थी।
बिहार में आज बारिश को लेकर 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
बिहार के 23 जिलों में आज जोरदार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इनमें से 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी उम्मीद है। पटना में समेत बाकी अन्य जिलों में आज मौसम साफ रहेगा। शाम को कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications