Bihar: बीएसएपी कांस्टेबल की महज 6 इंच जमीन के लिए Muzaffarpur में पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने 2 लोगों को पकड़ा
Muzaffarpur News: सनसनीखेज मामला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से सामने आया है। यहां बीएसएपी जवान की महज 6 इंच जमीन के लिए हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड को जवान के पड़ोसियों ने अंजाम दिया है। ऐसा बताया जा रहा है कि पड़ोसियों ने 6 इंच जमीन के विवाद में बीएसएपी जवान को लाठी-डंडों से पीटा था।
वहीं, अब मृतक दीपेंद्र कुमार सिंह जवान के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है। दीपेंद्र कुमार सिंह के परिजनों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से जमीनी विवाद की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

तो वहीं, अब बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस पटना (बीएसएपी) में तैनात दीपेंद्र कुमार सिंह की मृत्यु के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आक्रोशित लोगों ने शव के साथ मुजफ्फरपुर-मोतिहारी हाइवे को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया।
ये मामला मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के छपरा यदु धर्मपुर गांव का है। गांव निवासी दीपेंद्र कुमार सिंह बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस पटना (बीएसएपी) में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। फिलहाल, वह पटना में पोस्टेड थे और छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे।
दरअसल, ऐसा बताया जा रहा है कि कांस्टेब दीपेंद्र कुमार सिंह घर के बगल में खाली जमीन पर पड़ोसी छज्जा निर्माण की कोशिश कर रहा था। इसी को लेकर आए दिन झगड़ा और गाली-गलौज होती थी। दीपेंद्र कुमार सिंह के भतीजे संजय कुमार ने बताया कि वह पिछले 3 दिनों से लगातार पुलिस को फोन कर मामले से अवगत करा रहे थे।
लेकिन, स्थानीय पुलिस ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया। इस वजह से वो खुद गांव आए थे। बताया कि बीएसएपी के कांस्टेबल दीपेंद्र जब अपने पड़ोसियों से इसके लिए बात करने गए तो लाठी से पीट पीटकर उनकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके के लोग उग्र हो गए हैं। आक्रोशित लोगों ने शव के साथ मुजफ्फरपुर-मोतिहारी हाइवे को जाम कर दिया।
जैसे ही पुलिस को हाईवे जाम होने और हंगामे की सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस ने गुस्साएं लोगों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की। स्थिति बेकाबू होने की सूचना पर पश्चिमी डीएसपी अभिषेक आनंद भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों को समझाकर जाम को खत्म कराया।
इस बाबत डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद ने बताया कि बिहार पुलिस के जवान दीपेंद्र कुमार सिंह की शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामला में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि स्वजन के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications