Bihar Next CM: कौन होगा अगला मुख्यमंत्री? केंद्रीय मंत्री ने दिया जवाब- 'PM ने कर लिया फैसला'
Bihar Next CM: बिहार की राजनीति में इन दिनों सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिरी नीतीश कुमार के दिल्ली पहुंचने के बाद, पटना में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा? राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे लेकर कयासों और अटकलों का दौर जारी है। सम्राट चौधरी का नाम आगे चलने की बात कही जा रही है। इस बीच केंद्रीय मंत्री और हम पार्टी के अध्यक्ष जीतनराम मांझी के बयान ने इस चर्चा को और तेज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ही अंतिम फैसला लेंगे।
दिल्ली में संसद भवन परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए मांझी ने कहा कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर फैसला पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों ही अनुभवी नेता हैं और उन्होंने अपने मन में तय कर लिया होगा कि किसे जिम्मेदारी सौंपी जानी है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि बीजेपी जिसे भी चुनेगी, उनकी पार्टी का समर्थन उसके साथ ही रहेगा।

Bihar Next CM: नीतीश कुमार को दिल्ली में मिलेगी जिम्मेदारी?
दरअसल, हाल ही में नीतीश कुमार 16 मार्च 2026 को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। इसके बाद उन्होंने 30 मार्च को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में वह सीएम के पद से भी इस्तीफा देंगे और अप्रैल के पहले सप्ताह में राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ले सकते हैं। इसके बाद से पटना से लेकर दिल्ली तक यह चर्चा चल रही है कि नीतीश क्या पीएम मोदी की कैबिनेट में शामिल होंगे या यह उनके राजनीतिक संन्यास की शुरुआत है?
Nitish Kumar की जगह कौन लेगा?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नीतीश कुमार अगले महीने की शुरुआत में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ले सकते हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या वह मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे या जल्द ही नई नेतृत्व व्यवस्था सामने आएगी। संविधान के प्रावधानों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति बिना विधायक या विधान परिषद सदस्य हुए भी छह महीने तक मुख्यमंत्री पद पर रह सकता है।
CM के लिए चल रही कई नामों की चर्चा
बिहार में सीएम के लिए कई नामों पर चर्चा चल रही है। इसमें सम्राट चौधरी का नाम आगे बताया जा रहा है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बीजेपी किसी महिला को यह जिम्मेदारी सौंप सकती है। राजनीतिक समीकरणों के साथ ही प्रदेश के जातीय समीकरणों का भी ध्यान रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications