Bihar Hooch Tragedy: बिहार में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 20 हुई, तेजस्वी यादव ने भाजपा को ही घेरा
बिहार के सारण में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 20 हुई। तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है।

Bihar Hooch Tragedy: बिहार में यूं तो शराब पूरी तरह से प्रतिबंधित है, लेकिन जहरीली शराब को रोकने में सरकार पूरी तरह से विफल रही है। एक बार फिर से बिहार में जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत ने प्रदेश सरकार के तमाम दावों की पोल खोल कर रख दी है। बिहार के सारण जिले के छपरा में जहरीली शराब पीने से 20 लोगों की मौत के बाद बिहार की नीतीश सरकार कटघरे में है। एक तरफ जहां पीड़ितों के परिजन दावा कर रहे हैं कि जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत हुई है तो दूसरी तरफ प्रशासन ने इस पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह कुछ लोगों की तबीयत खराब होने लगी। इसके बाद उन्हें उल्टी होने लगी, आंख की रोशनी में दिक्कत होने लगी। जिसके बाद लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ। इलाज के दौरान अभी तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद बिहार की नीतीश सरकार कटघरे में हैं। शीतकालीन सत्र में जब बिहार विधानसबा में इस मुद्दे को उठाया गया तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भड़क गए। जबकि तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी को ही घेरना शुरू कर दिया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि आज ये लोग जिस शराब की बात कर रहे हैं, इन लोगों ने भी शपथ ली थी, अब इन्हें जहरीली शराब से मौत दिख रही है। 10 साल से ज्यादा समय तक भाजपा बिहार में थी, उस वक्त उन्हें यह याद नहीं आया। इन लोगो को बताना चाहिए जब ये सत्ता में थे तो कितने लोगों की मौत हुई थी, तब भाजपा की बोलती बंद थी। भाजपा इस मुद्दे को लेकर केवल हंगामा कर रही है। हर कोई जानता है कि नीतीश जी के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार कितनी मजबूती के साथ काम कर रही है। हम इन लोगों की सारी बात सुनने को तैयार हैं।
गौर करने वाली बात है कि बुधवार को बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र का दूसरा दिन था। सदन के अंदर जिस तरह से जहरीली शराब का मुद्दा उठा उसपर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नाराज हो गए। उनकी भाजपा के विधायकों से तीखी बहस हुई। जिसके बाद भाजपा के सभी विधायक सदन से बाहर चले गए। भाजपा के जो विधायक सदन से बाहर गए वह मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उन्होंने कहा कि जब हमने अंदर जहरीली शराब की बात की तो मुख्यमंत्री हमे ही धमकी देने लगे कि वह हमे बर्बाद कर देंगे।












Click it and Unblock the Notifications