'सीमांचल का बेटा बनेगा बिहार सीएम, तेजस्वी को जमीन पर लिटा देगी जनता', औवैसी ने किशनगंज में किया बड़ा दावा
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने किशनगंज में 2 नवंबर रविवार को एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया और सीमांचल क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
उन्होंने बताया कि किस तरह पलायन के कारण युवा आबादी कम होती जा रही है।ओवैसी ने एक घटना का जिक्र किया, जहाँ सीमांचल के एक सुदूर गाँव में नमाज़ के बाद उन्होंने महिलाओं और बुजुर्गों को खड़ा पाया, जबकि युवा नदारद थे। उन्होंने कहा, "हम सीमांचल के एक सुदूर गांव में गए थे। जब हम नमाज पढ़कर बाहर निकले तो हमारी बहनें और माताएं वहां खड़ी थीं। वहां सिर्फ बुजुर्ग ही खड़े थे, क्योंकि गरीब युवा पहले ही पलायन कर चुके हैं।"

सीमांचल की जनता तेजस्वी को 'जमीन पर सुला देगी
इस दौरान, ओवैसी ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि गाँव में आठ साल के बच्चे 'पतंग छाप' के नारे लगा रहे थे। उन्होंने तेजस्वी से सवाल किया, "तेजस्वी, क्या आपने देखा कि आठ साल का बच्चा कह रहा है 'पतंग छाप'? लेकिन आप आसमान में उड़ रहे हैं, आपके पास जमीन पर आने का समय नहीं है?"उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में आगे कहा कि सीमांचल की जनता तेजस्वी यादव को 'जमीन पर सुला देगी'।
सीमांचल का बेटा बनेगा सीएम
ओवैसी ने इससे पहले कोचाधामन प्रखंड के बिशनपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि अब सीमांचल का ही बेटा मुख्यमंत्री बनेगा, तेजस्वी यादव को जनता हेलीकॉप्टर से जमीन पर उतार देगी।
तेजस्वी पर जमकर बरसे ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि 14% वोट शेयर वाला नेता 3.5% वोट शेयर वाले को उपमुख्यमंत्री बनाने की बात करता है, जबकि उन्हें सिर्फ मुसलमानों के वोट चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब ओवैसी उपमुख्यमंत्री पद से संतुष्ट नहीं होगा। ओवैसी ने तेजस्वी पर पाकिस्तान की भाषा बोलने का भी आरोप लगाया।
ओवैसी के अनुसार, तेजस्वी यादव ने एक इंटरव्यू में उन्हें "चरमपंथी" कहा था। ओवैसी ने याद दिलाया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद उन्होंने भारत के पक्ष में बयान दिया था, जिस पर पाकिस्तान के लोगों ने उन्हें "चरमपंथी और आतंकवादी" कहा था। उन्होंने तेजस्वी के इस बयान को पाकिस्तान की भाषा करार दिया।
एआईएमआईएम प्रमुख ने राजद पर भागलपुर दंगे के आरोपी को पुरस्कृत करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों पर हो रहे जुल्म पर तेजस्वी एक शब्द भी नहीं बोलते। ओवैसी ने राजद पर एआईएमआईएम के चार विधायकों को तोड़कर पार्टी की कयादत को कमजोर करने का भी आरोप लगाया।
ओवैसी ने दावा किया कि पटना में बैठे लोग नहीं चाहते कि सीमांचल की जनता अपना फैसला खुद ले। उन्होंने कहा कि एमआईएम सीमांचल के हक की लड़ाई लड़ रही है और यहां के लोगों को राजनीतिक रूप से जागरूक कर रही है। उन्होंने फिर दोहराया कि तेजस्वी हेलीकॉप्टर पर उड़ते हैं, लेकिन सीमांचल की जनता उन्हें जमीन पर लाएगी।
गौरतलब है कि ओवैसी पहले राजद के साथ गठबंधन में शामिल होने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, उनकी यह कोशिश नाकाम रही थी। उनके प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने राजद से संपर्क साधा था, लेकिन बात नहीं बनी। 2020 में ओवैसी की पार्टी के पांच विधायक चुने गए थे, जिनमें से चार को राजद ने अपनी ओर कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications