Bihar Election: मोकामा हत्याकांड पर अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- बिहार में ‘जंगलराज’ है या ‘मंगलराज’?
Mokama Dularchand Murder Case: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राज्य में अपराध और सियासत दोनों चरम पर हैं। मोकामा में हुई दुलारचंद यादव की हत्या के बाद अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
दरअसल, मोकामा विधानसभा क्षेत्र में 30 अक्टूबर को जन सुराज पार्टी और जेडीयू के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान गोलीबारी में जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

यह घटना उस समय हुई जब बिहार में चुनावी माहौल चरम पर था और कई बड़े नेता प्रचार में जुटे हुए थे। अब सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
अखिलेश यादव बोले, 'प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के प्रचार वाले इलाके में हत्या, फिर कानून व्यवस्था कहां है?' शनिवार को दरभंगा में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "जहां प्रधानमंत्री और गृहमंत्री प्रचार कर रहे हैं, जहां वीवीआईपी लोग ज़ी प्लस सुरक्षा में मौजूद हैं, अगर वहां हत्या हो जाती है, तो ये बताता है कि बिहार में 'जंगलराज' है या 'मंगलराज'।"
उन्होंने कहा कि अगर इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच हत्या होती है, तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है।
अखिलेश यादव ने कहा - जनता बदलाव के लिए तैयार है
SP अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है और इस बार "समृद्धि और विकास" के लिए वोट करेगी। अखिलेश ने कहा कि बिहार के लोग इस बार बदलाव के लिए वोट देंगे, समृद्धि के लिए वोट देंगे, तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट देंगे। बिहार के युवा बेहतर नौकरी और उज्जवल भविष्य के लिए वोट देंगे। जिन्होंने पलायन करवाया, जनता इस बार उन्हें सबक सिखाएगी। उन्होंने तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन को "नए बिहार की उम्मीद" बताया।
जेपी नड्डा का पलटवार - 'लालू-राबड़ी का राज बिहार का काला युग था'
वहीं बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार को विपक्ष पर जवाबी हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का शासनकाल बिहार के लिए "काला युग" था। नड्डा ने सीवान में वर्चुअल रैली के दौरान कहा, "1990 से 2005 तक बिहार ने हर तरह की बदहाली और अपमान झेला।
लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व और पीएम मोदी के 11 सालों के सहयोग से बिहार अब विकास की राह पर लौट आया है,"। मोकामा की घटना ने चुनावी सियासत को और गर्मा दिया है। विपक्ष इसे "कानून-व्यवस्था की नाकामी" बता रहा है, वहीं एनडीए इसे "विपक्ष का ड्रामा" कहकर खारिज कर रहा है। अब देखना होगा कि यह मुद्दा आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति में कितना बड़ा असर डालता है।












Click it and Unblock the Notifications