Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Bihar Election 2025 Date: छठ के बाद वोटिंग, अगले हफ्ते कभी भी तारीखों का ऐलान, बिहार चुनाव पर लेटेस्ट अपडेट

Bihar Election 2025 Date Update: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों को लेकर इंतजार अब लंबा नहीं है। चुनाव आयोग अगले हफ्ते किसी भी दिन मतदान की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इस बार चुनाव में देरी हो रही है, क्योंकि पिछले तीन चुनावों की तुलना में अभी तक शेड्यूल घोषित नहीं हुआ है। वहीं आयोग ने विशेष मतदाता सूची संशोधन (SIR) पूरा कर लिया है और अब राज्य में 7.42 करोड़ वोटर तय हो गए हैं।

अक्टूबर के पहले हफ्ते में चुनाव की घोषणा संभव

4 और 5 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने सहयोगी आयुक्तों डॉ. एसएस संधू और विनीत जोशी के साथ बिहार दौरे पर आ रहे हैं। यह टीम चुनावी तैयारियों की पूरी समीक्षा करेगी। 5 अक्टूबर की शाम तक यह डेलीगेशन दिल्ली लौट जाएगा। माना जा रहा है कि इसके तुरंत बाद 6 या 7 अक्टूबर को बिहार चुनाव की तारीखों की घोषणा हो जाएगी।

Bihar Election 2025 Date Update

दिलचस्प बात यह है कि इस बार चुनाव की घोषणा तय समय से पीछे खिसकी है। 2020 में 25 सितंबर को ही चुनाव की तारीखें घोषित हो गई थीं और नामांकन भी शुरू हो गया था। 2015 में 16 सितंबर को और 2010 में 27 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया था।

🔹 बिहार विधानसभा का कार्यकाल और चुनाव की मजबूरी

बिहार की मौजूदा 17वीं विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को पूरा हो जाएगा। यानी इससे पहले नई विधानसभा और नई सरकार का गठन होना जरूरी है। संविधान के अनुच्छेद 172 के मुताबिक, किसी भी विधानसभा का कार्यकाल पहली बैठक से अधिकतम पांच साल का होता है और इसके बाद वह स्वतः भंग हो जाती है। ऐसे में आयोग के पास चुनाव कराने के लिए लगभग 50 दिन बचे हैं।

🔹 कितने चरणों में होगा बिहार चुनाव?

इस बार सबसे बड़ा सवाल यही है कि बिहार चुनाव कितने चरणों में होगा। आयोग के पास समय कम है, इसलिए माना जा रहा है कि वोटिंग दो चरणों में ही कराई जा सकती है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में तीन चरणों की संभावना भी जताई जा रही है।

दरअसल, बिहार के 38 में से सिर्फ 8 जिले-औरंगाबाद, गया, मुंगेर, जमुई, कैमूर, नवादा, लखीसराय और रोहतास, आंशिक रूप से नक्सल प्रभावित हैं। यानी सुरक्षा की बड़ी चुनौती सीमित इलाकों में है। ऐसे में दो फेज में भी चुनाव आसानी से कराया जा सकता है।

🔹 छठ के बाद ही पड़ेगा पहला वोट

बिहार में चुनाव की टाइमिंग पर हर बार छठ पर्व का असर पड़ता है। इस बार भी आयोग की कोशिश है कि छठ पर्व खत्म होने के बाद ही पहला चरण शुरू हो। दरअसल, बड़ी संख्या में लोग छठ मनाने बिहार लौटते हैं और आयोग चाहता है कि वे भी वोट डाल सकें।

छठ 28 अक्टूबर को खत्म हो रहा है। ऐसे में कयास है कि पहला चरण 31 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच हो सकता है। वहीं, दूसरा चरण 5 से 7 नवंबर के बीच कराया जा सकता है। अगर अंतिम चरण 7 नवंबर को हुआ तो 10 नवंबर को नतीजे घोषित होंगे। लेकिन अगर वोटिंग 5 नवंबर तक खत्म हो गई तो नतीजे 8 नवंबर को ही आ सकते हैं।

🔹 NDA और महागठबंधन में सीट शेयरिंग का इंतजार

चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही सभी की निगाहें NDA और महागठबंधन की सीट शेयरिंग पर भी टिकी हैं। 8 अक्टूबर को दिल्ली में NDA की बड़ी बैठक होने जा रही है, जिसमें सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला हो सकता है। भाजपा, जदयू, लोजपा और अन्य सहयोगी दलों के बड़े नेता इसमें शामिल होंगे।

उधर, महागठबंधन में सीटों का फार्मूला अभी तक फाइनल नहीं हुआ है। VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कहा था कि दशहरा तक सीट बंटवारे का ऐलान कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब माना जा रहा है कि 10 अक्टूबर से पहले महागठबंधन अपना फॉर्मूला सामने रख सकता है। राजद, कांग्रेस, वाम दल और सहयोगी पार्टियों के बीच अंतिम बातचीत जारी है।

अब सबकी नजरें चुनाव आयोग पर हैं कि आखिरकार किस दिन वो तारीखों का ऐलान करता है और मतदान किस पैटर्न पर होगा। इतना तय है कि छठ पर्व के बाद बिहार की राजनीति में चुनावी तापमान अपने चरम पर होगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+