Bihar Election: PM Modi से पहले मैदान में उतरे तेजस्वी यादव, समस्तीपुर में बोले- बिहार को नंबर वन बनाएंगे
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, प्रदेश की सियासत तेज होती जा रही है। महागठबंधन के सीएम फेस और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को समस्तीपुर के सरायरंजन और मुजफ्फरपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए एनडीए पर तीखा हमला बोला और जनता से "एक मौका" देने की अपील की।
तेजस्वी ने कहा कि उनकी सरकार बनते ही हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी, अपराधियों को जेल भेजा जाएगा और भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म किया जाएगा।

"20 दिन में पास करेंगे सरकारी नौकरी का कानून"
मुजफ्फरपुर में तेजस्वी यादव ने कहा मैं बिहार को पलायन, अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्त करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि बिहार नंबर वन राज्य बने। लेकिन बीते 20 साल से नीतीश कुमार सत्ता में हैं और 11 साल से नरेंद्र मोदी की सरकार केंद्र में है, फिर भी बिहार देश का सबसे गरीब राज्य बना हुआ है।
यहां बेरोजगारी, महंगाई और पलायन सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी, तो 20 दिनों के भीतर एक नया कानून लाया जाएगा, जिसके तहत जिस परिवार में सरकारी नौकरी नहीं है, उस घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
"हमारा इरादा साफ है - हर हाथ को काम, हर घर में रोजगार"
तेजस्वी यादव बुधवार को सुबह 11:45 बजे समस्तीपुर जिले के सरायरंजन पहुंचे, जहां उनके साथ विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद थे। सभा की शुरुआत में तेजस्वी ने कहा "अब ऊपरवाले का भी आशीर्वाद मिलने लगा है, बारिश होना शुभ संकेत है। 2020 में अरविंद सहनी जी को जनता ने जिताया था, लेकिन बेईमानी से हराया गया। इस बार ऐसा नहीं होगा। सरायरंजन की जनता से कहने आया हूं - तेजस्वी यादव को एक मौका दीजिए, नौकरी पक्की होगी, उम्मीदों को छक्का लगेगा।
"बेरोजगारी जस की तस"
तेजस्वी ने कहा कि सरायरंजन में बीजेपी-जेडीयू के सांसद और विधायक होने के बावजूद यहां कोई विकास नहीं हुआ। कोई यूनिवर्सिटी नहीं, न कोई अस्पताल, न कोई इंडस्ट्री, न कोई फैक्ट्री खुली। बेरोजगारी और पलायन जस का तस है। थाना या ब्लॉक में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता। उन्होंने आगे कहा कि मेरी सरकार बनी तो हर हाथ को काम मिलेगा। अपराधियों को जेल भेजा जाएगा। तेजस्वी के स्वभाव को सब जानते हैं - अपराध करेगा तो जेल जाएगा, चाहे वो अपना ही क्यों न हो।
"तेजस्वी की परछाई भी अपराध करेगी, तो जेल जाएगी"
तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में साफ कहा कि वे कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं करेंगे।जो गलत करेगा, वो जेल जाएगा। चाहे वो मेरा आदमी हो या किसी और का। तेजस्वी की परछाई भी अपराध करेगी, तो उसे भी मैं जेल भेज दूंगा।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर बिहार में भ्रष्टाचार, अफसरशाही और अपराध का अंत होगा। किसानों की आय दोगुनी की जाएगी और युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। भाजपा वाले सिर्फ हिंदू-मुसलमान की राजनीति करते हैं, जबकि तेजस्वी यादव सबकी बात करते हैं - हर जात, हर वर्ग के लोगों को आगे बढ़ाएंगे।
"उम्र कच्ची, पर इरादा पक्का है"
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी उम्र भले कम हो, लेकिन उनका इरादा मजबूत है। तेजस्वी ने कहा कि मैंने कहा था कि 10 लाख नौकरियां दूंगा - नीतीश कुमार ने मजाक उड़ाया था, बोले थे कि अपने बाप से पैसा लाएगा क्या? लेकिन मैंने सिर्फ 17 महीनों में 5 लाख नौकरियां दीं।
उन्होंने एनडीए पर अपनी योजनाओं की नकल करने का भी आरोप लगाया। मैंने पेंशन राशि बढ़ाने की बात कही थी - 20 साल में उन्होंने 1 रुपया नहीं बढ़ाया। लेकिन जब मैंने 1000 रुपए देने की बात कही, तो उन्होंने 1100 रुपए कर दिए। मैंने 200 यूनिट फ्री बिजली का वादा किया, तो उन्होंने 125 यूनिट फ्री कर दी।
"बिहारी को आगे बढ़ाइए, गुजराती को नहीं" - मुकेश सहनी
इस सभा में मौजूद मुकेश सहनी ने भी नीतीश कुमार और बीजेपी पर हमला बोला। बिहार बदलाव के लिए तैयार है। 20 साल से नीतीश सरकार चल रही है, लेकिन अब वो शारीरिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं। बिहार की सरकार अब दिल्ली से चलती है। दिल्ली वाले चाहते हैं कि बिहार का युवा दूसरे राज्यों में मजदूरी करे। लेकिन अब बिहारी को आगे बढ़ाइए, गुजराती को नहीं।
तेजस्वी यादव ने कहा मोदी जी ने फैक्ट्री गुजरात में लगाई, बिहार में नहीं। तेजस्वी यादव की यह रैली बिहार चुनाव 2025 में महागठबंधन की सबसे बड़ी चुनावी रैली मानी जा रही है। उनका सीधा संदेश था एक मौका तेजस्वी यादव को दीजिए, बिहार बदलेगा।












Click it and Unblock the Notifications