Bihar Election: '56 इंच की छाती वाला डरपोक है, वोट के लिए मोदी डांस भी कर सकते हैं', राहुल गांधी के बिगड़े बोल
Bihar Election 2025 (Rahul Gandhi): लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बिहार के बेगूसराय में रविवार (02 नवंबर) को हुई चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे तीखा वार किया। उन्होंने कहा, "मोदी जी वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं...अगर जनता कह दे कि स्टेज पर डांस करो, तो वो डांस भी करने लगेंगे।"
राहुल गांधी ने कहा कि 'मोदी की 56 इंच की छाती खाली है, उसमें डर भरा है, दम नहीं। 56 इंच की छाती वाला मोदी डरपोक है।' सभा में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार, बेगूसराय से कांग्रेस प्रत्याशी अमिता भूषण और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे। सभा खत्म होने के बाद राहुल गांधी तालाब में पहुंचे, नाव पर सवार होकर मछुआरों के साथ जाल डालकर मछलियां भी पकड़ीं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

"56 इंच की छाती वाला डरपोक है"
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा, "मोदी जी कहते हैं कि उनकी छाती 56 इंच की है, लेकिन सच्चाई ये है कि इतनी बड़ी छाती में कुछ नहीं है। गांधी जी और इंदिरा जी की छाती बड़ी नहीं थी, लेकिन उनमें हिम्मत थी। इंदिरा गांधी ने अमेरिका की धमकी की परवाह नहीं की, जो करना था वो करके दिखाया।"
उन्होंने आगे कहा, "मोदी जी में उतना भी दम नहीं है जितना इंदिरा गांधी में था। ट्रम्प ने दो बार फोन किया और मोदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' रोक दिया। अब वो सिर्फ ट्रम्प से नहीं, अडाणी और अंबानी से भी डरते हैं। मोदी जी की डोर अडाणी-अंबानी के हाथों में है।"
"मोदी वोट के लिए डांस करेंगे, पर चुनाव के बाद अडाणी-अंबानी के लिए काम"
राहुल ने मंच से कहा, "मोदी जी चुनाव के दौरान हर वो चीज करेंगे जो जनता कहेगी। अगर कहो योग करो, तो योग करेंगे। अगर कहो डांस करो, तो डांस करने लगेंगे। लेकिन जैसे ही चुनाव खत्म होगा, वो जनता को भूलकर सिर्फ अडाणी-अंबानी के लिए काम करेंगे।"
उन्होंने कहा कि मोदी जी असली मुद्दों से युवाओं का ध्यान भटकाने के लिए उन्हें रील बनाने में लगा देते हैं। उन्होंने कहा, "मोदी कहते हैं सस्ता डाटा दिया ताकि आप रील देखें। लेकिन जब आप इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं, तो फायदा अंबानी को होता है। यही है उनका असली खेल।"
"दुबई बना सकते हैं तो बिहार क्यों नहीं?"
राहुल गांधी ने बिहार के युवाओं से सवाल किया, "आप लोग पूरे देश में और विदेशों में जाकर काम करते हैं। दुबई, बेंगलुरु, मुंबई जैसे शहर आपने अपने खून-पसीने से बनाए हैं। तो क्या बिहार को नहीं बना सकते?"
उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों को मौका नहीं दिया गया। राहुल गांधी ने कहा, "यहां की बीजेपी-जेडीयू सरकार ने युवाओं को दबाकर रखा है। हमारी यूपीए सरकार ने नालंदा यूनिवर्सिटी जैसी ऐतिहासिक जगह को फिर से जिंदा करने की कोशिश की, लेकिन इन लोगों ने सब चौपट कर दिया। अब बिहार में पेपरलीक ने युवाओं का भविष्य तबाह कर दिया है।"
"BJP ने चुनाव चोरी किया, आयोग ने वोटर लिस्ट से नाम हटाए"
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "कर्नाटक, महाराष्ट्र, हरियाणा और मध्य प्रदेश में बीजेपी और आरएसएस ने पूरा चुनाव चोरी किया है। अब बिहार में भी महागठबंधन के वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। इसका सबूत हमारे पास है, और हम फिर से आयोग को दिखाएंगे।"
"नालंदा जैसा विश्वविद्यालय बनाएंगे"
सभा के दौरान राहुल गांधी ने वादा किया कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो बिहार में नालंदा यूनिवर्सिटी जैसी एक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा, "जिस दिन इंडिया गठबंधन केंद्र में आएगा, बिहार में ऐसा विश्वविद्यालय बनेगा जहाँ पूरी दुनिया के छात्र पढ़ने आएंगे।"












Click it and Unblock the Notifications