Bihar Election 2025: खेसारी लाल यादव के चुनाव लड़ने पर मनोज तिवारी ने दी नसीहत, जो कहा वो आप भी सुनिए
Khesari Lal Yadav (Bihar Election 2025): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार सिनेमा और सियासत का दिलचस्प संगम देखने को मिल रहा है। भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अब पर्दे से निकलकर राजनीति के मैदान में उतर चुके हैं। आरजेडी ने उन्हें छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। पहले यह सीट उनकी पत्नी चंदा देवी को दी गई थी, लेकिन नामांकन जांच में उनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं मिलने पर पार्टी ने सीधे खेसारी को टिकट थमा दिया। 16 अक्टूबर की शाम तेजस्वी यादव ने खेसारी लाल यादव पार्टी की सदस्यता दिलाई और कुछ ही देर में लालू प्रसाद यादव ने सिंबल भी सौंप दिया।
राजनीति कुर्सी नहीं, जिम्मेदारी है: खेसारी का भावनात्मक पोस्ट
टिकट मिलने के बाद खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा, "मैं आप सभी का बेटा और भाई हूं। राजनीति मेरे लिए कोई कुर्सी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है, हर घर तक विकास पहुंचाने की, हर दिल की आवाज बनने की।" उन्होंने खुद को जनता जनार्दन का सिपाही बताते हुए कहा कि वे खेत-खलिहान के बेटे हैं और आम लोगों की उम्मीदों को मंच देंगे।

मनोज तिवारी ने दी सलाह, "राजनीति में आना आसान, सेवा करना मुश्किल"
भोजपुरी फिल्म जगत के एक और बड़े नाम और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने खेसारी लाल यादव को राजनीति में आने पर शुभकामनाएं दीं, लेकिन साथ ही एक गहरी नसीहत भी दी। उन्होंने कहा, "युवा और कलाकारों का राजनीति में आना अच्छा है, लेकिन यहां असली चुनौती सेवा करने की होती है। उम्मीद है खेसारी इस जिम्मेदारी को निभा पाएंगे।"
महागठबंधन पर तंज , "दिल नहीं मिले, बस सत्ता की भूख है"
इसी बीच मनोज तिवारी ने महागठबंधन पर भी तीखा वार किया। उन्होंने कहा कि "जहां दिलों में मेल नहीं, वहां बस सत्ता में बने रहने की चाहत है। NDA ने तो सीट शेयरिंग बहुत पहले ही फाइनल कर ली थी, आज हमारे सभी उम्मीदवार नामांकन कर रहे हैं। जो बड़े-बड़े दावे करते थे, वे मैदान छोड़ चुके हैं। जनता का मन NDA के साथ है।"
चुनाव में नया रंग भरेंगे 'खेसारी' या जनता लेगी परीक्षा?
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पर्दे के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव क्या सियासत के इस नए मंच पर भी चमक बिखेर पाएंगे या यह चुनाव उनके लिए एक परीक्षा बनकर रह जाएगा। बिहार की जनता जल्द ही इसका फैसला करेगी।












Click it and Unblock the Notifications