Bihar Diwas 2024: आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा बिहार दिवस का आयोजन
Bihar Diwas 2024: लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही देश भर में आदर्श आचार संहिता लग चुका है। लेकिन हर साल की तरह से इस साल भी बिहार दिवस का आयोजन किया जाएगा। गया ज़िले में हर प्रत्येक वर्ष की भांति इस साल भी बिहार दिवस की तैयारी शुरू कर दी गई है।
बिहार दिवस का आयोजन आगामी आम लोकसभा निर्वाचन 2024 के मद्देनज़र प्रभावी आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। बिहार दिवस 2024 के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

शिक्षा विभाग के द्वारा प्रखंड स्तर पर क्विज एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसमें विजेता छात्र-छात्राओं के बीच जिला स्तर पर प्रतियोगिता कराया जाएगा तथा इस प्रतियोगिता में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर चयनित छात्र-छात्राओं के बीच प्रमाण पत्र ज़िला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा वितरण किया जाएगा।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के द्वारा रक्तदान कार्यक्रम, श्रवण श्रुति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ-साथ सभी सरकारी भवनों को टिमटिमाती रंग बिरंगी लाइट के माध्यम से सजाया जाएगा।
प्रभावी आचार संहिता एवं समाहरणालय में नाम निर्देशन की प्रक्रिया को देखते हुए आयुक्त कार्यालय परिसर में रंगोली बनाकर एव केक काटकर बिहार का 112वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के द्वारा रन फॉर बिहार का आयोजन प्रातः काल 07 बजे से टॉवर चौक से समाहरणालय होते हुए (गांधी मैदान गांधी मंडप) तक किया जाएगा।
गया के लोगों ने कहा कि यह बिहार के लिए गौरव की बात है, यह बहुत ही सराहनीय बात है कि लोकसभा चुनाव का खयाल करते हुए आचार संहिता के दायरे में बिहार दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन से नई पीढ़ी को बिहार के इतिहास को ज़िंदा रखने की सीख मिलेगी। इस तरह का कार्यक्रम हर साल होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications