Bihar election: 'किंगमेकर मैं हूं, जनता देगी असली विरासत का फैसला', तेज प्रताप ने तेजस्वी पर साधा निशाना
Tej pratap Yadav on Bihar election: जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव 2025 करीब आ रहे हैं, राज्य की सियासी फिजा में हलचल तेज होती जा रही है। इस राजनीतिक तापमान में सबसे बड़ा झटका राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार से जुड़ा सामने आया, जब उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को न केवल पार्टी से, बल्कि पारिवारिक दायरे से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
कुछ दिनों की चुप्पी के बाद अब तेज प्रताप खुलकर अपनी बात रख रहे हैं और एक बार फिर उन्होंने आज तक को दिए इंटरव्यू में अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और पारिवारिक संबंधों को लेकर बड़ा बयान दिया है।

'RJD में असली उत्तराधिकारी मैं': तेज प्रताप यादव
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से निष्कासित तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर खुद को पार्टी की असली विरासत का हकदार बताते हुए बड़ा बयान दिया है। एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया हो, लेकिन जनता के बीच उनकी पकड़ आज भी बरकरार है और वे आगामी चुनाव में "किंगमेकर" की भूमिका निभाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने कहा कि उनका हावभाव और बोलचाल का तरीका उनके पिता से मिलता-जुलता है, और यही लोगों को पसंद आता है। उन्होंने दो टूक कहा कि असली उत्तराधिकारी कौन है, ये न पार्टी तय करेगी, न नेता, बल्कि बिहार की जनता तय करेगी।
आज तक टीवी को दिए अपने इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि जब वे जनता के बीच जाते हैं, तो लोग कहते हैं कि "आपका ठेठ लालू जी वाला आवाज है।" तेज प्रताप ने अपने अंदाज में कहा जो जमीन से जुड़ा रहता है, उसकी बोली भी वैसी ही होती है।
पार्टी बनाने की अफवाहें गलत
तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर अपने अध्यात्म प्रेम को भी सामने रखा। उन्होंने कहा, "मेरे लिए अध्यात्म और राजनीति दोनों जरूरी हैं। जो व्यक्ति अध्यात्म में रहेगा, वही सच्चा न्याय कर सकता है।" उन्होंने कहा कि वे भगवान श्रीकृष्ण के भक्त हैं और जो उनके खिलाफ साजिश करेगा, वो उसे अपने कर्मों से तोड़ देंगे।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे नई पार्टी बनाएंगे, तो उन्होंने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि जब पार्टी पहले से ही है, तो नई पार्टी क्यों बनाना? ऐसी कोई बात नहीं है। कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं, जो पूरी तरह झूठ है।
तेजस्वी से रिश्तों पर क्या बोले तेज प्रताप?
जब उनसे छोटे भाई तेजस्वी यादव से रिश्तों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि "हम किसी से रिश्ता नहीं बिगाड़ते, भले ही लोग हमसे बिगाड़ लें। तेजस्वी जी मुख्यमंत्री बने हैं, उन्हें बड़े भाई का आशीर्वाद है। वे आगे बढ़ें।"
लालू के लाल ने कहा कि हम किंगमेकर की भूमिका में रहेंगे, जैसे पिता जी रह चुके हैं।" तेज प्रताप यादव ने यह भी कहा कि मौजूदा समय में RJD को जमीन पर और मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव बेहद कठिन होने वाला है और "इस बार आर-पार" की स्थिति बन सकती है।
हमें कोई पिंजरे में बंद नहीं कर सकता: तेज प्रताप
अपनी शख्सियत के बारे में बात करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि मैं किसी पिंजरे में बंद नहीं हो सकता। मैं बिना डर के सच और झूठ को सबके सामने कहता हूं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि माता-पिता उनके लिए सर्वोपरि हैं, और वे जीवन भर उनके आदरणीय और पूज्यनीय बने रहेंगे।
तेज प्रताप यादव ने इस इंटरव्यू में जहां एक तरफ खुद को जमीन से जुड़ा नेता बताया, वहीं दूसरी ओर यह भी साफ कर दिया कि वे किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाले नहीं हैं। भले ही RJD से उन्हें बाहर कर दिया गया हो, लेकिन वे राजनीति के अखाड़े में एक निर्णायक शक्ति बने रहना चाहते हैं। आने वाले बिहार विधानसभा चुनावों में उनकी भूमिका वाकई देखने लायक होगी।












Click it and Unblock the Notifications