बिहार विधानसभा में SIR पर हंगामा: विधायकों की धक्का-मुक्की से गरमाई सियासत, तेजस्वी बोले- चुनाव आयोग बेशर्म है
Bihar Chunav 2025 (Tejashwi Yadav): बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार (22 जुलाई) को SIR (Special Intensive Revision) को लेकर जमकर हंगामा हुआ। महागठबंधन के विधायकों ने विरोध में काले कपड़े पहनकर सदन में एंट्री ली और कार्यवाही शुरू होते ही दो मिनट के भीतर वेल में उतरकर सरकार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी। मामला इतना बिगड़ा कि विधायकों और मार्शल के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई।
RJD विधायक सुरेंद्र राम को टेबल पर चढ़ते समय मार्शल ने धक्का दे दिया, जिसके बाद उन्होंने भी जवाब दिया। कुछ विधायकों ने रिपोर्टर्स की कुर्सियां भी उठा लीं। हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। अब तक कुल 6 विधेयक पास किए जा चुके हैं।

तेजस्वी यादव बोले- चुनाव आयोग बेशर्म हो गया है
बिहार वोटर रिवीजन पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा,
''हम अदालत में, सड़कों पर, सदन में लड़ रहे हैं। लेकिन चुनाव आयोग बेशर्म हो गया है। चुनाव आयोग ने इस मुद्दे पर एक भी प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं की। सुप्रीम कोर्ट के सुझावों के बाद भी, उन्होंने आधार या राशन कार्ड की भूमिका के बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।"
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे पर तेजस्वी यादव ने कहा, "अगला उपराष्ट्रपति कौन बनेगा, यह मेरा मुद्दा नहीं है। हमारा मुद्दा यह है कि बिहार का कोई भी मतदाता सूची से न हटे।"
विपक्ष का आरोप: चुनाव लूटने की साजिश है SIR
बिहार में SIR को लेकर विपक्ष ने संसद परिसर में भी प्रदर्शन किया। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी भी शामिल हुए। राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा कि 2003 में भी SIR हुआ था लेकिन तब कोई विवाद नहीं हुआ क्योंकि विश्वास की कमी नहीं थी। उन्होंने कोर्ट के निर्देश का हवाला देते हुए कहा कि तीन दस्तावेजों को मान्यता दी जानी चाहिए थी ताकि अधिकतम लोगों का नाम शामिल हो सके।
NSUI करेगी विधानसभा घेराव, 24 जुलाई को मार्च
कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI ने घोषणा की है कि 24 जुलाई को वे पटना के इनकम टैक्स चौराहे से विधानसभा तक मार्च करेंगे। इस मार्च में पटना यूनिवर्सिटी सहित राज्यभर के यूनिवर्सिटी छात्रों की भागीदारी होगी। NSUI अध्यक्ष सूरज यादव ने बताया कि 5 प्रमुख मुद्दों को लेकर यह घेराव किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications