बिहार: कैबिनेट विस्तार के बाद जेडीयू में कलह, शपथ कार्यक्रम में नहीं पहुंचे 5 MLA
पटना, 16 अगस्त: बिहार की नवगठित सरकार का आज कैबिनेट विस्तार हुआ। महागठबंधन के 31 विधायकों को मंत्रिपद की शपथ दिलाई गई है। कैबिनेट में सबसे ज्यादा मंत्री पद आरजेडी के खाते में आए । राजद के 16 विधायक मंत्री बने, वहीं जेडीयू के 11 विधायकों को मंत्री बनाया गया। जबकि कांग्रेस के 2, हम का 1 और 1 निर्दलीय विधायक को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। कैबिनेट विस्तार के दौरान नीतीश के पांच विधायक मंगलवार को नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण में नहीं पहुंचे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेडीयू के पांच विधायकों ने नाराजगी के कारण शपथ ग्रहण कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया। शपथ समारोह में परबट्टा विधायक डॉ. संजीव कुमार, विधायक पंकज कुमार मिश्रा, बरबीघा विधायक सुदर्शन कुमार और मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह और केसरिया विधायक शालिनी मिश्रा शामिल नहीं हुए। भमिहार समाज से आने वाले ये सभी विधायक मंत्री ना बनाए जाने से नाराज चल रहे हैं।
शपथग्रहण में शामिल ना होने पर जब शालिनी मिश्रा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह अपनी सास के इलाज के लिए फिलहाल दिल्ली में हैं। वहीं जेडीयू विधायक डॉक्टर संजीव कुमार ने फेसबुक पर पोस्ट लिख इशारों-इशारों में नराजागी जाहिर की है। उन्होंने लिखा कि, तुम से पहले वो जो इक शख़्स यहां तख़्त-नशीं था, उस को भी अपने ख़ुदा होने पे इतना ही यक़ीं था!!'












Click it and Unblock the Notifications