भोजपुरः ऑटो और पिकअप में भीषण टक्कर, 3 लोगों की मौत और आधा दर्जन से ज्यादा घायल
भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के आरा-मोहनिया एनएच-30 पर बभिनियांव गांव के पास हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि ऑटो और पिकअप वैन की सीधी टक्कर में दो लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई है। जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं।

घायलों में से कई लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच क्षतिग्रस्त ऑटो में सवार लोगों को किसी तरह नजदीकी जगदीशपुर अनुमंडल अस्पताल में ले गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक धनगाई थाना क्षेत्र के दलिपपुर गांव से ऑटो सवार करीब एक दर्जन लोग आरा आ रहे थे।
इसी दौरान बभिनियांव मोड़ एनएच-30 के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही अनियंत्रित पिकअप वैन ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो का चालक राहु कुमार और ऑटो में सवार धनगाई गांव के रहने वाले नथुनी मिश्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि वहां खड़े लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।












Click it and Unblock the Notifications