VIDEO: छपरा शराबकांड को लेकर बिहार विधानसभा में फिर हंगामा, सदस्यों ने उठाईं कुर्सियां
छपरा शराबकांड में मृतकों की संख्या 50 हो गई है। जिसको लेकर बिहार विधानसभा में शुक्रवार को भी हंगामा हुआ। विपक्षी दल लगातार इस पर चर्चा की मांग कर रहे हैं।

छपरा शराबकांड को लेकर बिहार में बवाल मचा हुआ है। शुक्रवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी ने ये मुद्दा उठाया और चर्चा की मांग की। जब उनकी मांग नहीं मानी गई, तो बीजेपी विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष बीजेपी विधायकों से प्रश्नकाल चलाने में सहयोग की मांग करते रहे, लेकिन किसी ने उनकी ना सुनी। जिस वजह से सदन की कार्यवाही को कुछ देर के लिए स्थगित करना पड़ा।
वहीं सदन की कार्यवाही के दौरान जब डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव अपनी बात कह रहे थे, तभी विपक्षी विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ विधायक तो कुर्सी उठाते हुए नजर आए। जिस पर विधानसभा अध्यक्ष नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि आप सब जो कर रहे, जनता उसे देख रही है। ऐसे में शांत हो जाइए। अभी प्रश्नकाल चलने दीजिए, आपकी मांग पर भी विचार किया जाएगा। टेबल नहीं पटकें और फोटो ना खीचें।
बढ़ रहा मौत का आंकड़ा
वहीं दूसरी ओर छपरा जहरीली शराब कांड में मृतकों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह तक मृतकों की संख्या 50 हो गई, जबकि अभी कई लोगों की हालत गंभीर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने एसआईटी का गठन किया था, जो इस पूरे मामले की जांच करेगी। इस मामले में 123 लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर है, जबकि एसपी ने मशरक थानाध्यक्ष रितेश मिश्रा और चौकीदार विकेश तिवारी को सस्पेंड कर दिया।
सीएम के बयान से विपक्षी नाराज
वहीं दूसरी ओर छपरा शराब कांड पर सीएम नीतीश कुमार ने कुछ ऐसा कह दिया, जिसको सुनकर विपक्ष का हंगामा और बढ़ गया। उन्होंने कहा था कि जो शराब पियेगा, वो मरेगा ही। शराबबंदी कानून मेरा फैसला नहीं था, बिहार की महिलाओं ने इसकी मांग मुझसे कि तब मैंने इसे लागू किया। प्रशासन को कहा गया है कि जो गरीब हैं उनको ना पकड़ें, जो बड़े तस्कर हैं उन पर कार्रवाई की जाए।












Click it and Unblock the Notifications