Bihar Politics: BJP को कड़ी चुनौती दे सकता है भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच, आशुतोष ने बताया क्या है प्लान
Bihar Politics: बिहार में आगामी चुनाव के मद्देनज़र सियासी पार्टियां अपनी पकड़ मज़बूत करने में जुटी हुई हैं। वहीं अब बिहार के सियासी दंगल में भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच की एंट्री हो चुकी है। सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज़ हो चुकी है कि बिहार में भाजपा को भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच कड़ी टक्कर दे सकता है।
वन इंडिया हिंदी से भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूमिहार नेता आशुतोष कुमार ने खास बातचीत की, उन्होंने बेबाकी से अपनी बात रखते हुए आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। आशुतोष कुमार ने बताया कि बिहार के बेगूसराय ज़िले में भूमिहार ब्राह्मण महापंचायत का भव्य आयोजन किया गया था।

जी डी कॉलेज परिसर में आयोजित महापंचायत में बिहार के विभिन्न जिलों सहित देश के विभिन्न राज्यों से काफी तादाद में लोग शामिल हुए थे। आशुतोष कुमार ने कहा कि शौर्य, ज्ञान, बलिदान, वीरता, त्याग, तपस्या, पराक्रम और बड़े दिल वाले सवर्ण समाज का गौरवशाली इतिहास स्वर्ण अक्षरों में लिखा हुआ है।
Recommended Video
मौजूदा वक्त में सवर्ण समाज की शैक्षणिक, आर्थिक, राजनैतिक, व्यापारिक और सामाजिक स्थिति बेहद ही निराशाजनक है। समाज के लोगों का 'अहम' और 'मै श्रेष्ठ' वाली भावना मन से निकालकर एक दूसरे का पैर खींचने के बजाय एक दूसरे का हाथ थामना होगा। वहीं आगामी चुनाव का प्लान भी बताया।
आशुतोष कुमार ने कहा कि बिहार की सभी 40 सीटों पर उम्मीदवार नहीं उतारेंगे। भूमिहार और ब्राह्मण बाहुल्य क्षेत्र में उम्मीदवार उतारने की तैयारी चल रही है। इस बाबत बेगूसराय, नवादा, जहानाबाद, वैशाली, महाराजगंज,मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और पाटलिपुत्रा लोकसभा सीट से उम्मीदवार उतारने पर मंथन चल रहा है।
आशुतोष कुमार ने कहा कि सियासत में कब क्या रुख़ हो यह किसी को पता नहीं है। जहां तक गठबंधन का सवाल है तो 'इंडिया या एनडीए गठबंधन' की बात नहीं है। बात है जिस गठबंधन में स्थान और सम्मान मिलेगा उनके साथ जाने पर विचार कर सकते हैं। फिलहाल अभी अपने उम्मीदवारों को उतारने की तैयारी चल रही है।
चुनाव के समय में राजनीतिक दलों को भूमिहार बाहुल्य क्षेत्र नज़र आता है। जीत जाने के बाद भूमिहार और ब्राह्मण समुदाय की बात नहीं होती है। समस्या लेकर जाने पर हल नहीं निकाला जाता है, उस समय बोला जाता है कि जाति विशेष की बात नहीं हिंदू की बात करते हैं।
आशुतोष कुमार ने कहा कि हम लोग सभी समाज के लोगों को साथ लेकर चलने की बात कर रहे हैं। समाज के विकास और उत्थान के लिए राजनीति में उतरे हैं। हमेशा से यह किया जा रहा है कि धर्म और जात के नाम पर वोट लिया जाता है लेकिन लोगों की विकास की बात नहीं होती थी। आज भूमिहार ब्राह्मण एकता के तहत सभी लोगों को साथ लेकर हम लोग समाज के विकास के लिए काम करने के मकसद से सियासी दंगल में उतरे हैं।












Click it and Unblock the Notifications