पर्यावरण क्या है, नहीं जानते छोटे सरकार! प्रदूषण समिति में सदस्य बने बाहुबली अनंत सिंह का गजब बयान
Anant Singh: बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज और बाहुबली छवि के लिए मशहूर अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद JDU विधायक ने न केवल विधानसभा की नई समितियों में अपनी भूमिका को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है, बल्कि अपने गांव नदवां में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के 'महादंगल' का आयोजन कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन भी किया है।
बिहार विधानसभा द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए गठित समितियों में अनंत सिंह को 'पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण समिति' का सदस्य मनोनीत किया गया है। सदस्य मनोनीत होने पर पर अनंत सिंह की प्रतिक्रिया ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। इसके साथ ही, उन्होंने अपने उत्तराधिकारी और परिवार के भविष्य को लेकर भी पत्ता खोल दिया है।

पर्यावरण समिति में जगह, पर विधायक बोले- "हमें पता ही नहीं"
बिहार विधानसभा की नई समितियों में शामिल किए जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने अपने चिर-परिचित मजाकिया और बेबाक लहजे में जवाब दिया। जब मीडिया ने उनसे पर्यावरण संरक्षण को लेकर उनकी योजना पूछी, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वे किस समिति में हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा, "ई सब हम कुछ जानबे नहीं करते है। हम क्या बने हैं क्या नहीं बने हैं।" यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग उनके 'रॉ' अंदाज से जोड़कर देख रहे हैं।
ये भी पढ़ें: बिहार के 6 मेडिकल कॉलेजों में बनेगा हिमोफीलिया-थैलेसीमिया डे-केयर सेंटर, मरीजों को मिलेगी मुफ्त सुविधा
नदवां में अंतरराष्ट्रीय महादंगल, 10 लाख लोगों के जुटने का दावा
अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में आज यानी 3 अप्रैल 2026 को एक विशाल कुश्ती प्रतियोगिता (महादंगल) का आयोजन किया गया है। यह आयोजन उनके पुराने प्रतिद्वंद्वी रहे विवेका पहलवान की पहली पुण्यतिथि पर हो रहा है। इस दंगल में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा ईरान और जॉर्जिया जैसे देशों से 100 से अधिक नामी पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। पहलवानों के लिए लाल मिट्टी का विशेष अखाड़ा तैयार किया गया है, जिसमें हल्दी और नीम का उपयोग किया गया है। अनंत सिंह ने दावा किया कि इस आयोजन को देखने के लिए 10 लाख से ज्यादा लोग पहुंच सकते हैं, जिनके लिए व्यापक स्तर पर भोजन और रहने की व्यवस्था की गई है।
राजनीति का नया समीकरण
राजनीतिक भविष्य पर चर्चा करते हुए अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार का बेजोड़ नेता बताया। उन्होंने भविष्य के नेतृत्व पर अपनी राय रखते हुए कहा कि जेडीयू से निशांत कुमार (नीतीश कुमार के पुत्र) और बीजेपी से सम्राट चौधरी बेहतर विकल्प हैं। उन्होंने साफ कर दिया कि वे अब खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनकी राजनीतिक विरासत को उनका बड़ा बेटा आगे बढ़ाएगा, जो जल्द ही चुनावी मैदान में उतरेगा।
अपने छोटे बेटे अभिनव के लिए उनकी इच्छा अलग है; वे उसे एक IPS अधिकारी के रूप में देखना चाहते हैं। बिना किसी लाग-लपेट के दिए गए इन बयानों ने साफ कर दिया है कि भले ही अनंत सिंह खुद चुनावी दौड़ से बाहर होने की बात कर रहे हों, लेकिन बिहार की सत्ता और समाज पर उनकी पकड़ और चर्चा कम नहीं होने वाली है।
ये भी पढ़ें: बिहार में पहली बार रोबोटिक सर्जरी से पैनक्रियाज कैंसर का सफल ऑपरेशन, IGIMS ने रचा इतिहास












Click it and Unblock the Notifications