Alinagar Election 2025: मैथिली ठाकुर की पहली सियासी परीक्षा, अलीनगर में कितनी हुई वोटिंग?
Alinagar Assembly Election 2025 LIVE Update: बिहार की चर्चित सीट अलीनगर विधानसभा क्षेत्र आज (06 नवंबर) वोटिंग के लिए तैयार है। अलीनगर में शाम पांच बजे तक 58.38% प्रतिशत मतदान हुआ है। दरभंगा जिले की यह सीट इस बार खास सुर्खियों में है, क्योंकि यहां बीजेपी ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को प्रत्याशी बनाकर बड़ा दांव खेला है। महज 25 साल की उम्र में पहली बार चुनाव मैदान में उतरीं मैथिली, इस सीट से आरजेडी उम्मीदवार बिनोद मिश्रा (63) को टक्कर दे रही हैं। जन सुराज पार्टी के बिप्लव चौधरी भी इस मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं।
अलीनगर में पीढ़ियों की जंग
अलीनगर का मुकाबला सिर्फ दो दलों का नहीं, बल्कि दो पीढ़ियों का है एक तरफ नई उम्मीद और युवा चेहरा मैथिली ठाकुर, तो दूसरी ओर अनुभवी नेता बिनोद मिश्रा। चुनावी सभाओं में मैथिली जहां अपनी भक्ति संगीत और सादगी से भीड़ खींच रही हैं, वहीं बिनोद मिश्रा स्थानीयता और पुराने नेटवर्क के सहारे मतदाताओं तक पहुंच बना रहे हैं।

Alinagar Vidhan Sabha Chunav 2025 (अलीनगर विधानसभा चुनाव लाइव कवरेज)
-अलीनगर में शाम पांच बजे तक 58.38% प्रतिशत मतदान हुआ है।
-अलीनगर में दोपहर एक बजे तक 38.53 प्रतिशत मतदान
-अलीनगर में सुबह 11 बजे तक लगभग 26.07 प्रतिशत मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान जारी है। सुबह 11 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक राज्यभर में लगभग 27.65% वोटिंग दर्ज की गई है। वहीं अलीनगर में सुबह 11 बजे तक 26.07% मतदान हुआ है।
-अलीनगर में सुबह 9 बजे तक लगभग 12 प्रतिशत मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक राज्यभर में लगभग 13.13% वोटिंग दर्ज की गई है। वहीं अलीनगर में सुबह 9 बजे तक 12.48% मतदान हुआ है।
-मैथिली ठाकुर ने मंदिर में की पूजा, कहा- किसी भी वोटर को परेशानी न हो, यही मेरी कोशिश
अलीनगर सीट से बीजेपी उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने वोटिंग से पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने दिन की शुरुआत हमेशा की तरह भगवान के आशीर्वाद से की। मंदिर में पूजा के बाद मैथिली ठाकुर ने कहा, "मैं हर दिन पूजा करके दिन की शुरुआत करती हूं और लगातार नई चीजें सीखने की कोशिश कर रही हूं। मेरा प्रयास है कि किसी भी वोटर को किसी तरह की परेशानी न हो। मैं पूरी तरह तैयार हूं।"
-अलीनगर में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है।
-वोटिंग से पहले BJP उम्मीदवार मैथिली ठाकुर पूजा अर्चना करती दिखी हैं।
बाहरी बनाम स्थानीय का मुद्दा फिर गरमाया
दरभंगा जिले की इस सीट पर पहले भी बाहरी बनाम स्थानीय का सवाल बड़ा चुनावी मुद्दा रहा है। मैथिली मधुबनी मूल की हैं और दिल्ली में पली-बढ़ी हैं, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी मिश्रा पूरी तरह स्थानीय चेहरा हैं। इसीलिए मुकाबला अब सियासी से ज्यादा भावनात्मक हो गया है।
सीट का इतिहास और समीकरण
अलीनगर सीट 2008 में परिसीमन के बाद बनी थी और 2010 में यहां पहला चुनाव हुआ। पहले दो चुनावों में आरजेडी के अब्दुल बारी सिद्दीकी ने जीत दर्ज की थी। 2020 में वीआईपी उम्मीदवार मिश्री लाल यादव ने बिनोद मिश्रा को 3101 वोटों से हराकर बाजी मारी थी। अब वही मिश्री लाल बीजेपी में शामिल हो चुके हैं और इस बार मैथिली ठाकुर के प्रचार में जुटे हैं।
ब्राह्मण, यादव और मुस्लिम-ये तीनों समुदाय यहां के वोट समीकरण की रीढ़ हैं। 2020 में इस सीट पर 2.75 लाख से ज्यादा मतदाता थे, जो अब बढ़कर 2.84 लाख हो चुके हैं।
बीजेपी का भरोसा, आरजेडी की परंपरागत चुनौती
बीजेपी को भरोसा है कि 2024 लोकसभा चुनाव में गोपालजी ठाकुर की 9,800 वोटों की बढ़त को विधानसभा स्तर पर भी दोहराया जा सकता है। वहीं आरजेडी का कहना है कि इस सीट का डीएनए हमेशा समाजवादी रहा है और लोगों का जुड़ाव मिश्रा परिवार से पुराना है।
विकास बनाम पहचान का चुनाव
अलीनगर के लोगों की सबसे बड़ी शिकायत सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी है। यहां आज भी डिग्री कॉलेज और बड़े अस्पताल की कमी है। मैथिली जहां विकास का वादा कर रही हैं, वहीं मिश्रा पहचान की राजनीति और स्थानीय जुड़ाव पर भरोसा जता रहे हैं।
अब देखना यह है कि क्या सुरों की रानी मैथिली ठाकुर अपने पहले चुनाव में सियासी स्वर साध पाएंगी, या बिनोद मिश्रा का अनुभव और स्थानीय समीकरण उन्हें फिर से बढ़त दिला देगा।












Click it and Unblock the Notifications