शादी के बाद पत्नी रेचल को लेकर पटना पहुंचे तेजस्वी यादव, एयरपोर्ट पर हुआ ग्रैंड वेलकम
पटना, 13 दिसंबर। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के चीफ लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव शादी करने के बाद सोमवार को अपनी दुल्हनिया राजश्री उर्फ रेचल को लेकर पटना पहुंचे। विमान में बैठने के बाद रेचल और तेजस्वी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं जिसे आरजेडी नेता की बहन रोहिनी आचार्य ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर शेयर की है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि रेचल के हाथों में मेहंदी लगी हुई है और वह बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं।

दिल्ली में गुपचुप तरीके से की थी शादी
बता दें कि तेजस्वी यादव और रेचल की शादी का फंक्शन दिल्ली में आयोजित किया गया था, समारोह में गिनती के ही मेहमान शामिल हुए थे। शादी की तैयारियां बेहद गोपनीय तरीके से की गई थीं। इस बीच शादी के बाद पहली बार अपने ससुराल पहुंच रही रेचल का स्वागत गाजे-बाजे के साथ हुआ। लालू के समर्थकों ने भी अपनी बहुरानी का स्वागत खुले दिल से किया। पटना एयरपोर्ट पर उतरते ही समर्थक गाजे बाजे के साथ एयरपोर्ट पर डांस करते नजर आए।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पटना एयरपोर्ट पर ही तेजस्वी और उनकी पत्नी रेचल के स्वागत के लिए मंगाई गई गाड़ियों में सजावट का पूरा इंतजाम किया गया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एयरपोर्ट से तेजस्वी और रेचल सीधे राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे। दोनों के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर खुद राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह समेत अन्य नेता और समर्थक पहुंचे थे। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए।

पटना में होगा ग्रैंड रिसेप्शन
फोटो शेयर करते हुए तेजस्वी की बहन रोहिनी ने कैप्शन में लिखा था, भाई और भाभी का पटना में स्वागत। बताया जा रहा है कि पटना में अपनी बहू के स्वागत के लिए राबड़ी देवी पहले ही राजधानी पहुंच गई थीं। अब घर में छोटी बहू के आने के बाद सभी की निगाहें पटना में होने वाले रिसेप्शन पर टिकी हैं। तेजस्वी और रेचल की शादी भले ही दिल्ली में हुई हो लेकिन उनकी रिसेप्शन की तैयारियां पटना में चल रही हैं। सूत्रों के अनुसार, अगले दो दिनों में ही खरमास शुरू हो रहा है, इसलिए रिसेप्शन का आयोजन 15 जनवरी के बाद ही किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: क्रिश्चियन लड़की से शादी करने पर तेजस्वी के समर्थन में आएं सुशील मोदी, कहा- उन्होंने बड़ा काम किया है












Click it and Unblock the Notifications