Bihar Election 2025: बिहार चुनाव अकेले लड़ेगी AAP, केजरीवाल बोले- भाजपा ने हमें रोकने के लिए कांग्रेस को भेजा
Bihar Election 2025: बिहार में साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। बिहार चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार (03 जुलाई) को एक बड़ा राजनीतिक बयान देकर सबको चौंका दिया। केजरीवाल ने साफ कहा है कि उनकी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी, न कांग्रेस के साथ गठबंधन होगा और न ही INDIA ब्लॉक का कोई समर्थन रहेगा।
AAP बिहार विधानसभा चुनाव में किसी भी दल से गठबंधन किए बिना अकेले मैदान में उतरेगी। अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को ये ऐलान किया है। गुजरात के दो दिन के दौरे पर आए केजरीवाल ने अहमदाबाद में पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुए विसावदर उपचुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि "कांग्रेस से अलग चुनाव लड़कर आम आदमी पार्टी ने तीन गुना वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है।" उन्होंने इसे जनता का स्पष्ट संदेश बताया और कहा कि अब लोग AAP को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

'INDIA गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था'
अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा, "INDIA गठबंधन तो सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था। अब कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं है। अगर गठबंधन होता, तो कांग्रेस ने गुजरात के विसावदर उपचुनाव में हमारे खिलाफ उम्मीदवार क्यों उतारा? कांग्रेस को बीजेपी ने हमारे वोट काटने के लिए भेजा था। बीजेपी और कांग्रेस का रिश्ता बिल्कुल प्रेमी-प्रेमिका जैसा है-जो रात में चोरी-छिपे मिलते हैं।''
हाल ही में हुए विसावदर उपचुनाव (गुजरात) में AAP के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने बीजेपी के किरीट पटेल को 17,581 वोटों से हराया, जबकि कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही।
2024 लोकसभा चुनाव में AAP और कांग्रेस ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। लेकिन राज्य स्तर पर दोनों पार्टियां अक्सर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ती रही हैं -चाहे बात दिल्ली की हो या हरियाणा की।
गुजरात और पंजाब पर भी दिया बड़ा बयान
केजरीवाल ने आगे कहा, "आम आदमी पार्टी गुजरात में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और जीतकर दिखाएगी।" जब उनसे दिल्ली में हार को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सहजता से जवाब दिया, "हार-जीत तो राजनीति का हिस्सा है, ऊपर-नीचे चलता रहता है।" वहीं पंजाब को लेकर उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि पंजाब में हमारी सरकार फिर से दोबारा बनेगी।
अरविंद केजरीवाल के इस बयान से साफ है कि अब AAP राष्ट्रीय स्तर पर स्वतंत्र रणनीति अपनाने की ओर बढ़ रही है और कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों से दूरी बना रही है। आगामी बिहार और गुजरात चुनावों में पार्टी किस तरह प्रदर्शन करती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: NDA बनाम INDIA ब्लॉक
बिहार विधानसभा चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2025 में संभावित हैं। पिछली बार NDA ने 243 में से 125 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, लेकिन बाद में नीतीश कुमार ने पाला बदलते हुए RJD के साथ महागठबंधन सरकार बना ली।
हालांकि जनवरी 2024 में एक और सियासी उलटफेर करते हुए नीतीश कुमार ने फिर से RJD से नाता तोड़कर NDA में वापसी कर ली और भाजपा के साथ मिलकर सरकार बना ली।












Click it and Unblock the Notifications