Bihar Weather News: पछुआ हवा से शुष्क बना रहेगा बिहार का मौसम, नवंबर के पहले सप्ताह से बढ़ेगी ठंड
Bihar Weather News: बिहार में इन दिनों पछुआ हवाओं का असर देखने को मिल रहा है, जिसके कारण प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का अहसास रहेगा, जबकि दिन के समय धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा।
सुबह-शाम हल्की ठंड और हल्की धुंध
राजधानी पटना सहित गंगा किनारे और तराई वाले इलाकों में सुबह के समय हल्की धुंध छाई रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि दिन में धूप खिलने के साथ तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। यह स्थिति आने वाले कुछ दिनों तक जारी रहेगी।

प्रमुख शहरों में तापमान में गिरावट
बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मोतिहारी का तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 18 शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि कुछ जिलों का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना हुआ है। पटना सहित आसपास के इलाकों में सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है, हालांकि दिन के समय धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
नवंबर से बढ़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया है कि नवंबर के पहले सप्ताह से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते तापमान में क्रमिक गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में ठंड में वृद्धि होगी और रात के तापमान में तेजी से कमी देखने को मिलेगी। फिलहाल, बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क है और अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी।
प्रमुख शहरों का तापमान
पटना का अधिकतम तापमान 33.2 और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया में अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर में अधिकतम 33.2 और न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस जबकि मुजफ्फरपुर में अधिकतम 31.0 और न्यूनतम 24.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।












Click it and Unblock the Notifications