बिहारः ओमिक्रॉन के 27 नए मामले सामने आए, अब तक इस वैरिएंट से 28 लोग हो चुके हैं संक्रमित
पटना। बिहार में कोरोना के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। आईजीआईएमएस के निदेशक ने बताया कि जीनोमिक सीक्वेंसिंग लैब में कोरोना वायरस के लिए 32 सैंपल का परीक्षण किया गया, जिनमें से 27 ओमिक्रॉन, चार डेल्टा और एक अज्ञात वायरस के लिए पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें नौ डॉक्टर भी शामिल हैं। जिन सैंपलों की जिनोम सिक्वेंसिंग हुई, उसमें 85 फीसदी में ओमिक्रॉन, 12 फीसदी में डेल्टा और तीन फीसदी में अन्य वायरस मिले हैं।

राज्य में अब तक 28 लोगों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हो चुकी है। बिहार में कोरोना के 16 हजार 897 सक्रिय मरीजों में से 315 मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। कुल 16 हजार 582 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। 117 डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल में, 52 डेडिकेटेड कोविड हेल्थ केयर सेंटर में, 76 कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं। 70 लोग निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।
वहीं 15 से 18 वर्ष के बच्चों की वैक्सीनेशन की रफ्तार भी राज्य में काफी तेज है। बिहार में बच्चों ने 7 दिन में 17 लाख वैक्सीनेशन कराकर बड़ी मिसाल पेश की है। सोमवार सुबह 11 बजे तक 15 से 18 वर्ष के 17 लाख 14 हजार 964 बच्चों ने वैक्सीनेशन कराया है। 7 दिनों में वैक्सीनेशन का यह आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि है। बीते 3 जनवरी से बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू किया गया था। बिहार में इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में सीएम नीतीश कुमार ने इसकी शुरुआत की है।












Click it and Unblock the Notifications