ओडिशा : जल्द शुरू होगाा बारीपदा का ऑक्सीजन प्लांट, सरकार ने दिए निर्देश
भुवनेश्वर, मई 26: कोरोना महामारी की खौफनाक दूसरी लहर का देश के हर राज्य ने सामना किया है। ओडिशा भी इससे अछूता नहीं रहा है। ऐसे में मेडिकल ऑक्सीजन प्रबंधन के लिए राज्य टास्क फोर्स ने आज राज्य में विभिन्न एलएमओ और पीएसए प्लांट के कार्यान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान बारीपदा में पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 13,000 लीटर क्षमता के लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट ( एलएमओ ) के कार्यान्वयन में तेजी लाने का निर्णय लिया है।

यह सुविधा अस्पताल में चलाए जा रहे आइसोलेशन वार्ड, प्रसूति एवं स्त्री रोग वार्ड, बाल रोग वार्ड के साथ-साथ आईसीयू और एचडीयू बेड की सहायता करेगी। कोरोना की उभरती स्थिति और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए टास्क फोर्स ने संस्थान में 1,000 एलपीएम क्षमता पीएसए ऑक्सीजन उत्पादन प्लांट की शीघ्र कमीशनिंग को भी प्राथमिकता दी है।
दोनों सुविधाएं एलएमओ प्लांट और पीएसए प्लांट अधिकतम 12 सप्ताह के भीतर चालू हो जाएंगे और जिले में लंबे समय तक चिकित्सा ऑक्सीजन सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। बता दें कि बुधवार को ओडिशा में कोरोना के 11623 नए मामले सामने आए और 35 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 7,26,003 हो गई है। वहीं प्रदेश में अब तक 2584 लोगों की इस वायरस से जान जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications