कर्नाटक के बाद ओडिशा ने भी रद्द की 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं, मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी
भुवनेश्वर, जून 4। कोरोना महामारी की दूसरी लहर को देखते हुए ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार ने 12वीं की परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को ट्वीट कर ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारे लिए छात्रों का जीवन किसी भी परीक्षा से बहुत अधिक महत्वपूर्ण है।

जल्द होगी आधिकारिक घोषणा
सीएम के इस ऐलान के बाद उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद, ओडिशा की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा भी जल्द कर दी जाएगी। सीएम कार्यालय ने अपने ट्वीट में कहा है, "मुख्यमंत्री श्री नवीन पटनायक ने महामारी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस साल होने वालीं सीएचएसई द्वारा आयोजित 12 वीं बोर्ड परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। सीएम का कहना है कि परीक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण छात्र का जीवन है।"
CBSE के अलावा इन राज्यों में भी बोर्ड की परीक्षाएं रद्द
आपको बता दें कि आज ओडिशा के साथ-साथ कर्नाटक की सरकार ने भी 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। इन दो राज्यों से पहले हरियाणा, गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र ने भी बोर्ड की परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। वहीं कुछ ही दिन पहले CBSE ने भी 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं को रद्द कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications