ओडिशा के सभी जिलों में बनेगा जिला विज्ञान केंद्र, 6 में तारामंडल का प्रस्ताव
भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने सभी जिलों में जिला विज्ञान केंद्र स्थापित करने का फैसला किया है। इसके अलावा 6 जिलों में एक-एक तारामंडल स्थापित किया जाएगा। शुक्रवार को विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग मंत्री अशोक चंद्र पांडा ने इसकी जानकारी दी। बीजेपी विधायक गणेशराम सिंगखुंटिया के प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने कहा कि जिला अधिकारियों के प्रस्ताव के अनुसार पहले चरण में 10 जिलों गंजम, नयागढ़, मयूरभंज, क्योंझर, कोरापुट, भद्रक, पुरी, बलांगीर, सुंदरगढ़ और जगतसिंहपुर में जिला विज्ञान केंद्र स्थापित करने की योजना है।

वहीं दूसरे चरण में उन जिलों को प्राथमिकता दी जाएगी जहां उपयुक्त भूमि की पहचान की गई है और जिला विज्ञान केंद्रों की स्थापना के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा लीज ली गई है। मंत्री ने कहा कि मलकानगिरी, देवगढ़, कालाहांडी, नबरंगपुर, सोनपुर, बौध, झारसुगुड़ा, केंद्रपाड़ा, अंगुल और गजपति जिलों में चिन्हित क्षेत्रों के तहसीलदारों को भूमि दस्तावेजों के हस्तांतरण के लिए आवेदन जमा किए गए हैं। जिन जिलों में राज्य सरकार एक-एक तारामंडल स्थापित करने की योजना बना रही है, वे गंजम, मयूरभंज, क्योंझर, बलांगीर, सुंदरगढ़ और रायगढ़ हैं।












Click it and Unblock the Notifications