Rewa: सेल्फी लेने के चक्कर में युवक की गई जान, जानिए पूरा मामला
रीवा, 20 अगस्त। जिले के लालगांव पुलिस चौकी अंतर्गत क्योटी प्रपात में 2 दिन पूर्व सेल्फी लेते हुए नदी के तेज बहाव में बहे युवक की लाश मिल गई। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शव को निकाल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। जहां से युवक के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

क्योटी प्रपात घूमने गया था मृतक
पुलिस ने जानकारी में बताया कि बैकुण्ठपुर क्षेत्र अंतर्गत पिपरी निवासी हिमांशु सिंह पुत्र दिलराज सिंह बीते दिवस क्योटी प्रपात घूमने गया था। जहां युवक प्रपात के तेज बहाव के किनारे खड़ा होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा था। इसी दरमियान अचानक युवक का पैर फिसला, जिससे वह खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाया। युवक नदी के तेज बहाव में बह गया। प्रपात घूमने गए लोगों ने जब युवक को बहते हुए देखा तो उन्होने दुर्घटना की जानकारी गढ़ थाना और लालगांव चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से युवक की तलाश शुरू की।
2 दिन बाद मिला शव
बताया गया है कि बीते 2 दिनों से एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में लगी हुइ थी। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। इसी कड़ी में देर शाम टीम को युवक का शव नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया। टीम ने युवक के शव को कड़ी मशक्कत के बाद क्योटी प्रपात से बाहर निकाला।
पूर्व में भी हो चुके हैं हादसे
बारिश के मौसम में जिले के प्रपातों का मनोरम दृश्य आम जन को अपनी तरफ हमेशा ही आकर्षित करता है। इन प्रपातों में पर्यटक आते भी हैं। यहां आने के बाद पर्यटक फोटो न ले, ऐसा कैसे हो सकता है। तस्वीर लेते हुए कई बार बरती गई लापरवाही, लोगों के लिए जानलेवा हो जाती है। इसी कड़ी में पूर्व में कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जिसमें फोटो लेते हुए पर्यटकों का पैर फिसला, लेकिन इसके पहले की वह तेज धार में बह पाते उन्हें बचा लिया गया। हालांकि प्रबंधन द्वारा प्रपातों में जाली और रेलिंग लगाई गई है। इसके बावजूद पर्यटकों की लापरवाही सामने आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications