MP Vidhansabha Chunav 2023: चौपाल के जरिए BJP युवाओं का जुटा रही समर्थन, दिग्विजय सरकार की गिना रही अंधेरगर्दी
भोपाल के बैरसिया विधानसभा क्षेत्र में युवा चौपाल को संबोधित करते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कार्यकर्ता नए वोटर्स को 2003 के पहले की दुरावस्था बताएं।

मध्य प्रदेश सहित पूरे देश में बीजेपी आज अपना स्थापना दिवस मना रही है। इसी क्रम में भोपाल के बैरसिया विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने गुरुवार को युवा चौपाल को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव 2023 जीतने के लिए कार्यकर्ताओं को फार्मूला भी दिया। इस दौरान उन्होंने दीवार पर लेखन किया और ट्रायसिकल का वितरण भी किया।
वीडी शर्मा ने बताया युवा चौपाल का उद्देश्य
BJP प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय विकास की दृष्टि से मध्यप्रदेश के लिए स्वर्णिम काल है। लेकिन 2003 के पहले यह स्थिति नहीं थी। सड़क, बिजली, पीने का पानी इतनी आसानी से नहीं मिलता था, लेकिन हमारे नव मतदाता, जिनका जन्म 2003 के बाद हुआ है, उन्होंने प्रदेश की उस दुरावस्था को नहीं देखा। युवा चौपाल का उद्देश्य यही है कि नव मतदाताओं को प्रदेश की उस दुरावस्था की जानकारी दी जाए।
गौरतलब है कि बीजेपी हमेशा से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को बंटाधार बताती हुई आ रही है और चुनाव के समय जनता के बीच दिग्विजय सिंह को कांग्रेस का प्रमुख चेहरा बताया जाता है। जिससे कई विधानसभा क्षेत्रों में बीजेपी को फायदा मिलता हुआ भी दिखाई दिया है।

भाजपा युवा मोर्चा का यह अभियान अभिनंदनीय: VD शर्मा
VD शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रत्येक पंचायत पर 11 युवाओं की समिति गठित कर नव मतदाताओं को संगठन से जोड़ने का भाजपा युवा मोर्चा का यह अभियान अभिनंदनीय है। पंचायत स्तर की यह समितियां ही युवा चौपालों के आयोजन में समन्वय करेंगी। शर्मा ने युवाओं से संवाद करते हुए खेल, कला, समाजसेवा, शिक्षा आदि के क्षेत्र में सक्रिय युवाओं की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया। युवाओं से नशे के खिलाफ काम करने का आह्वान करते हुए वीडी शर्मा ने कहा कि नशा एक बुराई है, लेकिन ये प्रवृत्ति काफी तेजी से बढ़ रही है।
51 प्रतिशत वोटशेयर हासिल करने के लिए कार्य
शर्मा ने कहा कि देश में स्वच्छता अब सिर्फ नारा नहीं है। मोदी मोदी के आह्वान के उपरांत अब ये एक जनअभियान बन गया है। जन सहयोग से ही इंदौर शहर ने स्वच्छता के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं और लगातार देश के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार जीत रहा है। शर्मा ने युवाओं को संकल्प दिलाते हुए कहा कि अपनी-अपनी ग्राम पंचायत में प्रत्येक बूथ पर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में 51 प्रतिशत वोटशेयर हासिल करने के लिए कार्य करेंगे।

ट्रायसिकल वितरित की
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी के स्थापना दिवस पर बैरसिया के हर्राखेड़ा मंडल के बूथ क्रमांक 206 पर दीवार लेखन किया। इसके साथ ही एक कार्यक्रम में उन्होंने दिव्यांगजनों को ट्राइसिकल भी वितरित की। इस मौके पर कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड अध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा, विधायक विष्णु खत्री, जिलाध्यक्ष केदार सिंह मंडलोई, विधायक भक्तपाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह मीणा, लक्ष्मीनारायण शिल्पी, राजमल गुप्ता, सहित जिला पदाधिकारी मंडल कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications