MP News: रीवा से डाली जाएगी लाडली बहना योजना की तीसरी किस्त, भोपाल में होगा बड़ा सम्मेलन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लाडली बहना योजना शुरू करने के बाद अब जल्द ही प्रदेश की सभी लाडली बहनों को भोपाल बुलाने वाले हैं। इसके लिए जल्द ही लाडली बहना सेना सम्मेलन की तारीख का ऐलान किया जाएगा। इसको लेकर महिला और बाल विकास विभाग और राज्य शासन के अधिकारियों ने सम्मेलन की तारीख को लेकर चर्चा शुरू कर दी है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान प्रदेश में विकास पर्व के कार्यक्रम के मद्देनजर रोज किसी ना किसी जिले में जाकर वहां विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे हैं। इस दौरान सीएम शिवराज लाडली बहना सम्मेलन में भी शामिल हो रहे हैं।

सीएम शिवराज ने कहा कि कलेक्टरों को निर्देश है कि लाडली बहना सेना को महिलाओं से संबंधित योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए ट्रेंड किया जाए। जल्द ही वे लाडली बहना सेना का सम्मेलन भोपाल में करेंगे। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की तीसरी किस्त 10 अगस्त को रीवा में राज्य स्तरीय सम्मेलन के माध्यम से भेजी जाएगी। इसको लेकर राज्य शासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रीवा में इस दिन सीएम का जनदर्शन भी होगा। सीएम शिवराज यहां मेडिकल कॉलेज के नवनिर्मित छात्रावास भवनों का लोकार्पण भी करेंगे। इधर 21 साल तक उम्र तय किए जाने के बाद साढ़े 3 लाख से अधिक महिलाओं के नाम इस योजना में बढ़ गए हैं।
खुले रथ में होगा जनदर्शन कार्यक्रम
रीवा कलेक्टर के अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रीवा पहुंचकर विवेकानंद पार्क कॉलेज चौराहे से खुले रथ में जनदर्शन कार्यक्रम के लिए शामिल होंगे। जनदर्शन कार्यक्रम मानस भवन, शिल्पी प्लाजा बाजार, स्वागत भवन से होते हुए अस्पताल चौराहे में समाप्त होगा। जनदर्शन में पूरे बिंदी में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किए गए विकास के उल्लास का प्रकटीकरण होगा। जनदर्शन में लाडली बहना सेना मुख्यमंत्री के रथ के आगे चलेगी।
सामाजिक संगठनों से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री शिवराज कबीर संघ, कोल समाज, रविदास समाज और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि सीएम शिवराज एसएएफ मैदान में लाडली बहना योजना की तीसरी किस्त हितग्राहियों के खाते में जारी करेंगे। इस राज्यस्तरीय समारोह के लिए भी व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम को जिले ही नहीं पूरे प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों नगरी और निकाय के वार्डों में दिखाया जाएगा। लाडली बहन सम्मेलन और जन दर्शन कार्यक्रम से हर व्यक्ति को जोड़ने के लिए 6 से 9 अगस्त तक जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications