भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिमा का हुआ अनावरण, CM शिवराज बोले, राजनीति के चाणक्य थे अर्जुन सिंह
मध्य प्रदेश की राजधानी में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता अर्जुन सिंह की प्रतिमा का आखिरकार अनावरण हो गया। इस दौरान मंच पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एक साथ नजर आए।

राजधानी भोपाल में मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण किया गया। जिसमें भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता एक साथ मंच पर नजर आए। भोपाल में व्यापम चौराहे पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता अर्जुन सिंह की प्रतिमा का शाम को अनावरण किया गया। सीएम शिवराज ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने अर्जुन सिंह को राजनीति का चाणक्य बताया। उन्होंने कहा कि स्व अर्जुन सिंह मध्यप्रदेश के ऐसे लाल थे, जिन्होंने पूरे देश में प्रदेश को गौरवान्वित किया। मुझे एक घटना याद है जब रविंद्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भाजपा का कार्यक्रम था और अर्जुन सिंह मुख्य अतिथि थे। आजकल ऐसे मंच पर जाना भी साहस का काम है।
बता दे पिछले कई दिनों से भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण लेकर लगातार मांग उठा रहे थे। करीब दो साल से अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण टल रहा था। नारायण त्रिपाठी ने 4 मार्च को इस प्रतिमा के अनावरण को लेकर ऐलान भी किया था। उन्होंने इसे लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र भी लिखा था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने 7 मार्च की तारीख तय की। आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद प्रतिमा का अनावरण किया उन्होंने मंच पर कन्याओं की पूजा करके स्वर्गीय अर्जुन सिंह की प्रतिमा को माला पहनाई। इस दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी कन्या पूजन किया।
अर्जुन सिंह के फैसलों ने लोगों की जिंदगी बदली: CM शिवराज
अर्जुन सिंह की प्रतिमा के अनावरण पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्व. अर्जुन सिंह किसी दल या संस्था के कारण नेता नहीं थे, वह अपने व्यक्तित्व के कारण नेता बने थे। वह जिस दल में रहे, उसे अपनी मेहनत, परिश्रम से प्रासंगिक बना दिया। सीएम शिवराज ने बताया कि जब स्व अर्जुन सिंह मुख्यमंत्री थे और उस समय मैं युवा मोर्चा का कार्यकर्ता था। मैं सरकार की गलत नीतियों का मुखर होकर विरोध करता था। कई बार बातचीत के लिए हम लोगों को बुलाया जाता था। वे विपरीत विचारों को भी सहजता से सुनते थे। वे कुशल संगठक और प्रशासक थे। लोग उन्हें राजनीति के चाणक्य के रूप में भी जानते थे। उनके अनेकों फैसले ऐसे रहे जिन्होंने लोगों की जिंदगी बदली। मुख्यमंत्री के रूप में उनके अनेकों काम आज भी मध्यप्रदेश याद करता है। वे दलित, शोषित, पिछड़ों के लिए सदैव समर्पित रहे। वह जिस मंत्रालय में मंत्री रहे, वहां बेहतर काम करके दिखाया। उन्होंने गरीबों और वंचितों के कल्याण के लिए अभूतपूर्व कार्य किए थे।












Click it and Unblock the Notifications