Bhopal: सीहोर के प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा 10 जून से सुनाएंगे शिव कथा, 55 एकड़ में बनेगा पंडाल
भोपाल में होने वाली पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण मां कथा को लेकर पंडाल स्थल का मंत्री विश्वास सारंग और कलेक्टर आशीष सिंह ने निरीक्षण किया है।

Bhopal News: राजधानी में सीहोर के प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा 10 जून से 14 जून तक शिव महापुराण की कथा सुनाएंगे। इसके लिए करोंद इलाके में 55 एकड़ में पंडाल बनाया जा रहा है। कथा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को स्थानीय विधायक और मंत्री विश्वास सारंग ने कलेक्टर आशीष सिंह के साथ कथा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अगले 3 दिन में सभी तैयारियां पूरी करने को कहा है।
राजधानी भोपाल में दोपहर 1:30 बजे चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह के साथ करोंद में होने वाली शिव पुराण महा कथा के पंडाल को लेकर क्षण करने पहुंचे थे। उनके साथ नगर निगम के अफसर भी साथ थे। यहां उन्होंने कथा स्थल पर चल रही तैयारियों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। मंत्री सारंग ने बताया कि शिव महापुराण कथा 10 जून से शुरू होकर 14 जून तक चलेगी। सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा पहली बार उनके विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धालुओं को कथा सुनाएंगे। रोज दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक वह कथा करेंगे।
200 एकड़ में बनाई जा रही पार्किंग व्यवस्था
बता दें कि प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के रुद्राक्ष महोत्सव में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने अभी से कमर कसना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि कथा के लिए मुख्य पंडाल 55 एकड़ में बनाया जा रहा है जबकि 200 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। पंडाल बनाने का काम तेजी से चल रहा है। वहीं पार्किंग के लिए जगह को समतल किया जा रहा है।
कथा के 1 दिन पहले निकाली जाएगी शोभायात्रा
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने जानकारी देते हुए बताया कि पंडित प्रदीप मिश्रा 9 जून को भोपाल आएंगे। शाम 4 बजे अन्ना नगर से नरेला तक निकलने वाली शोभायात्रा में शामिल होंगे। मिश्रा की शिव पुराण महा कथा का भोपाल में पहली बार आयोजन हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications