रिटायर्ड आर्मी मैन से धोखाधड़ी, प्लॉट के नाम पर रोड व पार्किंग की जमीन पर करवा दी रजिस्ट्री, ₹24 लाख का चूना
राजधानी भोपाल के खजूरी सड़क इलाके में प्लॉट बेचने के नाम पर रिटायर्ड आर्मी मैन और उनकी पत्नी से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। जहां आरोपी ने प्लॉट की जगह पार्किंग की जमीन पर रजिस्ट्री करवा दी।

Bhopal News: राजधानी के खजूरी सड़क इलाके में दो प्लॉट बेचने के नाम पर एक जालसाज ने रिटायर्ड आर्मी मैन और उनकी पत्नी के साथ 24 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया। आरोपी ने फरियादी व उनकी पत्नी के नाम पर कॉलोनी की पार्किंग व मेन रोड की जमीन की रजिस्ट्री करा दी। बैंक से लोन लेते वक्त जालसाजी का खुलासा हुआ। इसके बाद फरियादी ने कोर्ट में परिवाद लगाया था, जिस पर कोर्ट ने सुनवाई करते हुए पुलिस को इस मामले में धोखाधड़ी का केस दर्ज करने के लिए आदेश दिए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसआई ओंकार सिंह वर्मा ने बताया कि पूजा श्री कॉलोनी सीटीओ बैरागढ़ निवासी संजय कुमार पुत्र वीर बहादुर सिंह(50) आर्मी से रिटायर्ड है। उन्होंने साल 2020 में भौंरी स्थित हैवंस रेजिडेंशियल कॉलोनी में अपनी पत्नी ममता सिंह व स्वयं के लिए वीरेंद्र साहू से दो प्लॉट खरीदे थे। वीरेंद्र ने खुद को हेवंश रेजिडेंशियल कॉलोनी में पार्टनर बताया था। इसके बाद वीरेंद्र साहू ने संजीव कुमार व उनकी पत्नी ममता से 24 लाख रुपए लेकर दो प्लॉट की रजिस्ट्री करा दी।
जब संजय सिंह ने उक्त प्लॉटों पर बैंक से लोन लेने के लिए अप्लाई किया और रेरा व टीएनसीपी से परमिशन लेने के लिए आवेदन दिया तो पता चला कि कॉलोनी की, जिस जगह को दिखाकर उन्हें प्लॉट बेचे गए हैं, वह असल में कॉलोनी की पार्किंग व मेन रोड की जगह है। इसके बाद फरियादी ने आरोपी वीरेंद्र सिंह से रुपये वापस मांगे, लेकिन उसने नहीं दिए। इसके बाद कोर्ट में परिवाद लगाया था। कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद खजूरी सड़क थाना पुलिस को आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। गुरुवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications