MP News: पिछोर विधानसभा में ASP का बड़ा ऐलान, दामोदर सिंह यादव बोले – “2028 में सीट हमें दो”, मनुस्मृति दहन
Pichhore Politics: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट पर सियासी हलचल तेज हो गई है। खनियाधाना-पिछोर क्षेत्र में आयोजित भीम आर्मी की विशाल सभा में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर सिंह यादव ने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि "2028 के विधानसभा चुनाव में पिछोर की सीट आज़ाद समाज पार्टी को दी जाए।"
उनके इस बयान के बाद क्षेत्र की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है और मौजूदा BJP विधायक प्रीतम लोधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

मनुस्मृति दहन का जिक्र, तीखे शब्दों में हमला
सभा को संबोधित करते हुए दामोदर सिंह यादव ने डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा किए गए मनुस्मृति दहन का उल्लेख किया और कहा कि यह दिन सामाजिक न्याय की लड़ाई का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि मनुस्मृति में शूद्रों और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं और वे ऐसे विचारों को स्वीकार नहीं करते। यादव ने तीखे शब्दों में कहा- "मैं मनु महाराज को नहीं मानता। अगर मनु महाराज मिल जाएं तो उन्हें मुर्गा बना देंगे।" उनके इस बयान पर सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की।
धीरेंद्र शास्त्री पर भी निशाना, बहुजन एकता का आह्वान
दामोदर यादव ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री पर भी हमला बोला और कहा कि देश को आडंबर, पाखंड और जातिवाद से मुक्त करना जरूरी है। उन्होंने बहुजन समाज (SC/ST/OBC) से एकजुट होकर "बहुजन राज" स्थापित करने का संकल्प दोहराया और कहा कि संविधान सर्वोपरि है। सभा के दौरान मंच पर संविधान की प्रतियां लहराई गईं, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक जोशीला हो गया।
विनय रतन सिंह की मौजूदगी, हजारों कार्यकर्ताओं की भीड़
इस सभा में मुख्य अतिथि के रूप में भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह मौजूद रहे। हजारों की संख्या में संविधानवादी कार्यकर्ता जुटे, जिन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। ASP और भीम आर्मी के नेताओं ने एक सुर में कहा कि अब बहुजन समाज को राजनीतिक ताकत बनना होगा।
विधायक प्रीतम लोधी से मुलाकात बनी चर्चा का विषय
सभा से पहले दामोदर सिंह यादव की BJP विधायक प्रीतम लोधी से ग्वालियर में मुलाकात और गले मिलने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। हालांकि मंच से पिछोर सीट पर दावा ठोकते हुए यादव ने साफ कर दिया कि आजाद समाज पार्टी अपनी अलग राजनीतिक राह पर है और किसी भ्रम की स्थिति में नहीं है।
पिछोर विधानसभा का समीकरण: लोधी बाहुल्य सीट
पिछोर विधानसभा सीट शिवपुरी जिले की एक OBC (लोधी) बहुल सीट मानी जाती है। 2023 विधानसभा चुनाव के नतीजे इस प्रकार रहे-
- प्रीतम लोधी (BJP): 1,21,228 वोट - विजेता
- अरविंद सिंह लोधी (कांग्रेस): 99,346 वोट
- संतसिंह आदिवासी (BSP): 2,208 वोट
प्रीतम लोधी लोधी समाज के प्रभावशाली नेता हैं और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के रिश्तेदार भी हैं। हालांकि ब्राह्मण विरोधी बयान को लेकर उन्हें पार्टी से निष्कासन का सामना करना पड़ा था, लेकिन बाद में उनकी वापसी हुई।
ASP की रणनीति: SC-ST-OBC गठजोड़
आजाद समाज पार्टी की रणनीति पिछोर में SC-ST-OBC गठजोड़ पर आधारित है। दामोदर यादव के ऐलान से साफ हो गया है कि ASP खुद को BJP और कांग्रेस के विकल्प के रूप में स्थापित करना चाहती है।
2028 की तैयारी शुरू, तीसरे विकल्प की कोशिश
भले ही मोहन यादव सरकार को अभी दो साल ही हुए हों, लेकिन 2028 विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू हो चुकी है। बता दे ASP के इस आक्रामक रुख से- BJP पर दबाव बढ़ेगा और इधर कांग्रेस को बहुजन वोट बैंक में सेंध की चिंता बनी रहेगी।
प्रतिक्रियाएं
- BJP खेमे का दावा: "ASP वोट काटेगी, फायदा हमें होगा।"
- कांग्रेस की चिंता: "बहुजन वोट बंटेगा, नुकसान होगा।"
- ASP का आत्मविश्वास: "हम तीसरा नहीं, मुख्य विकल्प बनेंगे।"
पिछोर में 2028 की जंग की शुरुआत
दामोदर सिंह यादव का ऐलान और मनुस्मृति पर तीखा हमला यह संकेत दे रहा है कि पिछोर विधानसभा में बहुजन राजनीति नई धार लेने जा रही है। अब सवाल यही है-क्या आजाद समाज पार्टी 2028 में पिछोर की राजनीति का गेम चेंजर बनेगी?
(रिपोर्ट: वनइंडिया हिंदी संवाददाता)












Click it and Unblock the Notifications