Janjatiya Gaurav Diwas: बिरसा मुंडा को पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, भोपाल में जनजातीय समुदाय को देंगे सौगात
नई दिल्ली, 15 नवंबर। अ्मर शहीद भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कई योजनाओं की शुरुआत करेंगे। बिरसा मुंडा के जन्मदिन को केंद्र सरकार जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रही है। प्रधानमंत्री आज मध्य प्रदेश के दौर पर रहेंगे और भोपाल के जंबूरी मैदान में जनजातीय गौरव दिवस महासम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी जनजातीय समुदाय के लिए कई योजनाओं की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रधानमंत्री राशन आपके गांव योजना की शुरुआत करेंगे।
Recommended Video

पीएमओ की ओर से कहा गया है कि इस योजना का लक्ष्य जनजातीय समुदाय के लोगों को उनके ही गांव में हर महीने पीडीएस राशन मिले, उन्हें राशन लेने के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। महासम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री लोगों को जेनेटिक काउंसलिंग कार्ड भी बाटेंगें और इसके साथ ही मध्य प्रदेश सिकल सेल मिशन की शुरुआत होगी। इस मिशन का लक्ष्य सिकल सेल एनीमिया, थैलीसिमिया और अन्य बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 50 एकलव्य मॉडल रेजीडेंशियल स्कूल की देशभर में शुरुआत करेंगे और इसकी नींव रखेंगे। ये स्कूल आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र,ओडिशा, त्रिपुरा, दादरा एवं नगर हवेली व दमन दीव में भी खुलेंगे। पीएमओ की ओर से कहा गया है कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान जनजातीय समुदाय द्वारा बनाई गई फोटो प्रदर्शनी में भी हिस्सा लेंगे और जनजातीय समुदाय द्वारा बनाए गए उत्पादों को भी देखेंगे।
प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन के मौके पर ट्वीट करके उनके योगदान को याद किया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट करके लिखा भगवान बिरसा मुंडा जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। वे स्वतंत्रता आंदोलन को तेज धार देने के साथ-साथ आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहे। देश के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। इसके साथ ही पीएम मोदी आज सुबह 9.45 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रांची में भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications