Pradeep Mishra: लव जिहाद पर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का बड़ा बयान, बोले- बेटियों के पास भी होनी चाहिए कटार
Pandit Pradeep Mishra News: भोपाल में आयोजित शिव महापुराण कथा में प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने लव जिहाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। मिश्रा ने कहा कि 'देश में बढ़ते लव जिहाद के मामलों को रोकने के लिए बेटियों को परिवार से ही संस्कार दिए जाने की जरूरत है। बेटियों के पास भी कटार होनी चाहिए।' इसके अलावा पंडित मिश्रा ने कई ऐसे बयान दिए जो चर्चा का विषय बने हुए हैं।
बुधवार को भोपाल के करोंद में शिव महापुराण कथा सुना रहे पंडित प्रदीप मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कई विषयों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कृष्ण जन्म भूमि हिंदुओं का तीर्थ है। राम जन्म भूमि के खनन में शिलान्यास निकले थे। कृष्ण जन्मभूमि की भी जब खुदाई होगी, तो जन्मभूमि के ही अवशेष निकलेंगे। ठाकुर जी खुद प्रमाण देंगे। वही लव जिहाद पर कहा कि सरकार होने वाले क्राइम को नहीं रोक सकती। इसे घर का संस्कार ही रोकेगा। सरकार निगाह रख सकती है, केस लड़ सकती है, दबाव बना सकती है। आने वाले दिनों में लव जिहाद तभी रुकेंगे जब माता-पिता बच्चों को संस्कार देंगे।

अपने ही लोग धर्म पर उठाते हैं सवाल
साधु संतों पर अंधविश्वास फैलाने के आरोप पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि हमारे धर्म के लोग भी हमारे साधु-संतों पर अंधविश्वास का आरोप लगाते हैं, इसलिए दूसरे धर्मों के लोग भी उन आरोपों को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। उन्होंने भोपाल के हमीदिया अस्पताल के नाम बदलने पर सहमति जताई। साथ ही भोपाल का नाम भोजपाल करने की मांग का समर्थन किया।
बेटियों को दी सलाह
पंडित प्रदीप मिश्रा ने बेटियों के लिए कहा कि इतना जरूर कहूंगा कि हर तरह से हम देख रहे हैं कि हमको ये तकलीफ आ रही है तो आपको कौन सा दबाव है कि आप उनकी तरफ आकर्षित हो रही हैं। माता-पिता से मिले संस्कार को मत भूलो। उनकी कई अभिलाषाएं व उम्मीद आप पर हैं। पक्का करें कि मतांतरण ना करें और ना होने दें।
हिंदू राष्ट्र को लेकर दिया बयान
हिंदू राष्ट्र रामराज की परिकल्पना को लेकर पंडित मिश्रा ने कहा कि भारत पहले से हिंदू राष्ट्र है, लेकिन हमें रामराज लाना है। जिसमें सभी जाति के लोग एक साथ बैठकर राम भजन करें। तीर्थ स्थानों पर कॉरिडोर का विरोध करने वाले जगद्गुरु शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती के बयान पर पंडित मिश्रा ने सहमति जताई। कहा कि कॉरिडोर बनाने वालों को शंकराचार्य से परामर्श करना चाहिए।
चुनाव वाले राज्यों में कथा होने को लेकर पंडित मिश्रा ने दिया बयान
पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि यह बदलाव एक ही नेता भगवान का नाम ले रहे हैं। कर्नाटक समेत अन्य चुनावों में बजरंगबली आए। यह अच्छा है। उन्होंने कहा कि कथा पहले से बुकिंग होती है ऐसे चुनाव से कोई लेना देना नहीं होता हिंदू धर्म के लोग ही अपने धर्म का मजाक उड़ाते हैं अंधविश्वास बताते हैं इससे दुख होता है जब आप अपने बच्चों के सामने अपने ही धर्म का मजाक उड़ाएंगे तो वो क्या सीखेंगे?
अच्छे कर्मों से चेहरे पर चमक आती है: पंडित मिश्रा
बता दे स्वर्गीय कैलाश प्रसून सारंग की स्मृति में करोंद में चल रही शिव महापुराण कथा का बुधवार को समापन हो गया। अंतिम दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कथा सुनने पहुंचे। सीहोर कुबेरेश्वर धाम के पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि अच्छे कर्मों से चेहरे पर चमक आती है, कोई क्रीम लगाने से नहीं आती। जिस तरह से हम शरीर के स्वास्थ्य की जानकारी के लिए अपने रक्त की जांच कराते है। ठीक वैसे ही कभी-कभी अपनी भक्ति की भी जांच करा लिया करो।












Click it and Unblock the Notifications