46 साल बाद MP सरकार ने पुलिसकर्मियों के बढ़ाए भत्ते, साप्ताहिक अवकाश को लेकर CM शिवराज ने की बड़ी घोषणा
allowances of MP police: मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुलिस कर्मियों को बड़ी सौगात दी है। शुक्रवार देर रात हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि हम यह तय कर रहे हैं कि सभी पुलिस थानों में पदस्थ आरक्षक से उप निरीक्षक स्तर तक के ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों को जिनके पास शासकीय वाहन नहीं हैं, उन्हें प्रतिमाह 15 लीटर पेट्रोल भत्ता दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने की बड़ी घोषणा भी की। जिसके बाद से पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। इसके साथ ही सीएम ने प्रदेश पुलिस कर्मियों के लिए और कई घोषणाएं भी की हैं।

पौष्टिक आहार भत्ता ₹1000
सीएम शिवराज ने कहा कि पुलिसकर्मियों का पौष्टिक आहार भत्ता ₹1000 हजार प्रतिमाह किया जाएगा। आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक का वर्दी भत्ता प्रतिवर्ष ₹5 हजार किया जाएगा। सीएम ने कहा कि राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को पंचम वेतनमान दिया जाएगा। नि:शुल्क भोजन भत्ता की दर ₹100 प्रतिदिन की जाएगी। 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुलिसकर्मियों का प्रतिवर्ष नि:शुल्क हेल्थ चेकअप किया जाएगा।
एसएएफ के जवानों को भी प्रतिमाह ₹1000
बता दे 46 साल बाद प्रदेश में पुलिसकर्मियों के भत्ते बढ़ाए जा रहे हैं। अब इन्हें 1635 रुपए का 15 लीटर पेट्रोल भत्ता मिलेगा। अभी तक ₹18 प्रति माह साइकल भत्ता मिलता था। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुलिसकर्मियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए कई घोषणाएं की। सीएम शिवराज ने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों के लिए रोटेशन से साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नए आवास बनाए जाएंगे। एसएएफ के जवानों को भी प्रतिमाह ₹1000 एसएएफ भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस के प्रति मेरा मन आदर और श्रद्धा से सदैव भरा रहता है, क्योंकि वे पूरे प्रदेश के साढ़े 8 करोड़ लोगों को सुरक्षित रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications