शहीदों के सम्मान के लिए घर-घर जाकर एक मुट्ठी मिट्टी और चावल एकत्र करेंगे पार्टी कार्यकर्ताः VD शर्मा
Bhopal BJP News: BJP सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि जिन क्रांतिकारी शहीदों ने भारत माता के सम्मान के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, उन्हें सम्मान देने और उनकी स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर 'मेरी माटी-मेरा देश' अभियान शुरू किया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को शहीद कैप्टन देवाशीष शर्मा के घर से मेरी माटी-मेरा देश अभियान का शुभारंभ किया। शर्मा ने कहा कि आज शहीद के घर से हमने राजधानी भोपाल में इस अभियान की शुरूआत की है। इस अभियान के अंतर्गत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाएंगे और एक मुट्ठी मिट्टी और एक मुट्ठी चावल एकत्र करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा शुक्रवार को मेरी माटी-मेरा देश अभियान के अंतर्गत शाहपुरा स्थित शहीद कैप्टन देवाशीष शर्मा के निवास पर पहुंचे और उनकी माताजी से मुलाकात की। कैप्टन देवाशीष शर्मा की माताजी से कलश में एक मुट्ठी मिट्टी और एक मुट्ठी चावल लेकर प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर भाजपा ने देश के अंदर इस अभियान की शुरुआत की है। आज मैं इसी अभियान के तहत शहीद कैप्टन देवाशीष शर्मा जी के घर आया हूं। कलश में देवाशीष शर्मा की श्रद्धेय माताजी निर्मला शर्मा ने एक मुट्ठी मिट्टी और चावल हमें दिया है। घर-घर जाकर इस प्रकार से कलश में एक मुट्ठी मिट्टी और चावल लेकर हम लगातार इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि यह अभियान 31 अक्टूबर तक देशभर में चलेगा। देश भर में घूमने के उपरांत ऐसे 75000 कलश राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचेंगे। इस मौके पर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, मध्य विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी ध्रुवनारायण सिंह, नगरनिगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications