कोरोना के नए वेरिएंट को अलर्ट MP सरकार, CM शिवराज ने बैठक में दिए ये निर्देश
भोपाल, 28 नवंबर: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार अलर्ट हो गई है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को बैठक में कुछ अहम फैसले लिए हैं। सीएम शिवराज ने एक महीने के अंदर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के जरिए प्रदेश आए लोगों की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही, संक्रमितों को आइसोलेशन में रखने की बात कही है। इसके अलावा स्कूलों को 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चे स्कूल में पढ़ने सिर्फ 3 दिन ही जाएंगे। ऑनलाइन क्लासेस भी शुरू किए जाने की बात कही गई है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने की बैठक
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा, ''कोविड के नए वेरिएंट के संदर्भ में आज बैठक कर कुछ फैसले किए हैं। हमने निर्देश दिए हैं कि एक महीने के अंदर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के जरिए जितने भी लोग प्रदेश में आए हैं उनकी जांच करेंगे, अगर संक्रमित मिले तो उन्हें आइसोलेशन में रखेंगे।'' सीएम ने कहा, ''18 साल के कम उम्र के बच्चों का कोविड टीकाकरण नहीं हुआ है, इसलिए कल से 50 फीसदी क्षमता के साथ स्कूल खुलेंगे। 6 दिन में से 3 दिन बच्चे स्कूल में पढ़ने जाएंगे। अभिभावकों की अनुमति से ही बच्चे स्कूल जाएंगे। ऑनलाइन कक्षाएं भी शूरू कर रहे हैं।''
कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने बढ़ाई चिंता
Recommended Video
दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन ने भारत समेत कई देशों की चिंता बढ़ा दी है।
कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन अब तक आठ देशों तक पहुंच गया है। इनमें दक्षिण अफ्रीका, इजराइल, हॉन्गकॉन्ग, बोत्सवाना, बेल्जियम, जर्मनी, चेक रिपब्लिक और ब्रिटेन शामिल हैं। ब्रिटेन में रविवार को ही ओमिक्रॉन के दो मामले आए हैं। जर्मनी में भी इस वेरिएंट ने अपने पैर पसारना शुरू कर दिया है। दक्षिण अफ्रीका ने 24 नवंबर को इस वेरिएंट की जानकारी दी थी। भारत ने जहां 12 देशों के यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर जांच अनिवार्य कर दिया है। वहीं, अमेरिका आठ दक्षिणी अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी में है।












Click it and Unblock the Notifications