MP Congress: कमलनाथ पहुंचे शुजालपुर, पदाधिकारियों से बोले- सब काम छोड़कर अब 5 महीने पार्टी को दें
शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र में आज मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। उन्होंने यहां पर मंडलम सेक्टर के पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि यह सीट जीतना मुश्किल भरा नहीं है। आप सभी 5 महीने पार्टी को दे दें। आपकी मेहनत से यहां पर कांग्रेस हर हाल में जीत दर्ज करेगी।
कमलनाथ ने कहा कि क्षेत्र में पिछले 4 चुनाव से भाजपा यहां जीत रही है, लेकिन ऐसा नहीं है कि कांग्रेस यहां से जीत नहीं सकती है। कांग्रेस इस बार जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा सरकार से त्रस्त हो चुके हैं। सरकार को बदलना चाहते हैं। जनता में सरकार के खिलाफ जमकर रोष है। इस बैठक के बाद उन्होंने यहां पर एक सभा को भी संबोधित किया। जिसमें उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर आरोप लगाए।

शिक्षा मंत्री का क्षेत्र है शुजालपुर
शुजालपुर के विधायक इंदर सिंह परमार स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्री हैं। वे पहली बार इस सीट से जीते हैं। इससे पहले कालापीपल सीट से चुनाव जीत चुके हैं। वहीं कांग्रेस इस सीट पर लगातार चार बार से हार रही है। कांग्रेस आखरी बार यहां 1998 में जीती थी। यहां से कांग्रेस के टिकट पर मनोहर सिंह ने भाजपा के चंद्र प्रकाश पाटीदार को हराया था। इसके बाद यहां पर कांग्रेस नहीं जीती। यहां से 2003 में कांग्रेस के मनोहर सिंह ही चुनाव हारे। 2008 में यहां से कांग्रेस ने टिकट बदलकर महेंद्र जोशी को दे दिया। वे लगातार दो बार चुनाव हार चुके हैं। 2018 में कांग्रेस ने रामवीर सिंह सिकरवार को टिकट दिया, लेकिन वे भी चुनाव नहीं जीत सके।












Click it and Unblock the Notifications