युवती ने तीन युवकों को खाली फ्लैट पर बुलाया, फिर उनसे फिल्मी स्टाइल में लूटे 83 हजार रुपए
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में युवकों को लूटने वाले एक गिरोह का खुलासा हुआ है। गिरोह में शामिल युवती युवकों को पहले अपने खाली फ्लैट पर बुलाती और फिर खुद ही फर्जी रेड डलवाकर युवकों से लूट करवाती थी। भोपाल की अयोध्या नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती गिरफ्तार कर लिया और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।

एएसपी संजय साहू ने बताया कि मध्य प्रदेश के श्यामपुर सीहोर विष्णु मीणा 26 दिसंबर को अपने दो दोस्तों हेम सिंह और मोहित दांगी के साथ कार में नए टायर डलवाने के लिए भोपाल आया था। विष्णु के एक दोस्त ने निशातपुरा में रहने वाली अपनी एक परिचित युवती को मोबाइल पर कॉल किया। युवती ने तीनों युवकों को देवलोक अस्पताल के पास नरेला जोड़ स्थित एक किराए के फ्लैट में बुलाया।
तीनों जैसे ही फ्लैट पर पहुंचे तो युवती चाय बनाने का झांसा देकर कमरे से बाहर चली गई। उसी दौरान तीन अजनबी युवक कमरे में पहुंचे। तीनों युवक खुद को सीआईडी अधिकारी बता रहे थे। उन्होंने बंदूक निकाली और विष्णु और उसके दोस्तों पर तान दी। आरोपियों ने उनसे 80 हजार रुपए लूट लिए और तीन हजार रुपए ऑनलाइन मोबाइल से ट्रांसफर करवाए।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि गैंग में शामिल युवती पहले युवकों को अपने जाल में फंसाती है। फिर उन्हें अकेले में फ्लैट में बुलाती है। उसके बाद प्लानिंग के तहत उसके तीनों साथी वहां आते हैं और फिर ये आरोपी खुद को पुलिस, सीआईडी अधिकारी बताकर लोगों से लूटपाट करते हैं।
किसान विष्णु मीणा के साथ भी इसी तरह से घटना को अंजाम दिया गया। घर लौटने पर जब कार में नए टायर नहीं दिखे तो विष्णु के परिवार ने उनसे पैसों के बारे में पूछताछ की। तब मामला उजागर हुआ। पुलिस ने आरोपी युवती के मोबाइल फोन नंबर के जरिए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवती के एक साथी का नाम योगेंद्र है। पुलिस अब दूसरी वारदातों के बारे में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications